बेचड़ का बाग में भेनु-छपराना सड़क का उद्घाटन करते स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सैजल। संवाद
- फोटो : NAHAN
नाहन/ददाहू (सिरमौर)। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आशातीत विकास हुआ है।
यह बात डॉ. सैजल ने वीरवार को सैनधार इलाके के बेचड़ का बाग में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के समापन समारोह के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नौहराधार में राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ कर दिया गया है। हरिपुरधार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को स्तरोन्नत किया गया है। ददाहू में खंड विकास अधिकारी कार्यालय की घोषणा की गई है।
इससे पूर्व डॉ. राजीव सैजल ने पराड़ा में 79 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशु चिकित्सालय का लोकार्पण किया, इससे क्षेत्र की तीन पंचायतों के लगभग 3,000 पशुपालकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित भेनु-छपराना सड़क का लोकार्पण करने के बाद इस मार्ग पर बस ट्रायल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बस सेवा से क्षेत्र की छह पंचायतों की 3,000 से अधिक जनसंख्या को यातायात की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने 88 लाख रुपये की लागत से बनने वाली मोलरघाट-बानाकोटी सड़क का शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने बेचड़ का बाग में आईटीआई का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने भगाड़ा-मानरिया संपर्क मार्ग को चौड़ा करने के लिए पांच लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत महिपुर अनिल ठाकुर ने मुख्य अतिथि को लोइया और टोपी भेंट की और स्थानीय पंचायत की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। मेले के समापन पर स्वास्थ्य मंत्री ने कबड्डी स्पर्धा में पहले स्थान पर रही पनार टीम, दूसरे स्थान के लिए कोटला मोलर और वॉलीबाल स्पर्धा में पहले स्थान पर रही बोगधार और दूसरे स्थान के लिए धारटीधार टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला परिषद सीमा कन्याल, पूर्व विधायक रूप सिंह, अध्यक्ष पंचायत समिति नाहन अनीता शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, भाजपा नेता बलवीर चौहान, एसडीएम नाहन रजनेश कुमार, बीएमओ डा. मोनीषा अग्रवाल समेत कई अधिकारी और लोग मौजूद रहे।