फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour News: रेणुका मेले में पहली बार भूत बंगला और मिक्सचर झूला बनेंगे आकर्षण का केंद्र

विज्ञापन
रेणुका मेला मैदान में अपनी दुकानें सजाते व्यापारी। संवाद 
विज्ञापन
मेला मैदान में 70 फीसदी प्लॉटों की बिक्री पूरी, दुकानें सजाने में जुटे व्यापारी
विज्ञापन


रेणु मंच पर पांच हजार दर्शकों के बैठने की होगी व्यवस्था, पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक सतिंदर सरताज बिखेरेंगे सुरों का जादू

योगेंद्र अग्रवाल

ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला नजदीक आते ही मेला मैदान में रौनक बढ़ने लगी है। व्यापारी अपनी दुकानें सजाने में जुट गए हैं, वहीं झूलों और मनोरंजन के अन्य साधनों को स्थापित करने का काम भी तेजी से चल रहा है। इस बार मेले में पहली बार युवाओं के मनोरंजन के लिए भूत बंगला और मिक्सचर झूला विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्याओं में नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

जिला प्रशासन की ओर से इस बार पहली मर्तबा मेला मैदान को ठेके पर दिया गया है। ठेकेदार की ओर से करीब 70 फीसदी प्लॉट बिना बोली के ही बेच दिए गए हैं। शेष प्लॉटों की बिक्री 17 नवंबर तक पूरी होने की उम्मीद है। मेले में पहुंचे अधिकांश व्यापारियों ने अपनी दुकानें लगाने का काम शुरू कर दिया है। उधर, रेणु मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसमें एक साथ करीब पांच हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। मेला मैदान में विभिन्न प्रकार के झूलों को भी समय रहते स्थापित किया जा रहा है।
विज्ञापन


इस बार मेले में युवाओं के मनोरंजन के लिए पहली बार भूत बंगला और मिक्सचर झूला स्थापित किया जा रहा है। भूत बंगले में मुर्दों और कंकालों के बोलने जैसे रोमांचक दृश्य दर्शकों को आकर्षित करेंगे। वहीं, मिक्सचर झूले में लोग छिपकली की तरह चिपककर झूलने का रोमांच अनुभव कर सकेंगे। इन दोनों मनोरंजन साधनों को लेकर युवाओं में खासा उत्साह रहने की उम्मीद है।

पहली सांस्कृतिक संध्या में सतिंदर सरताज की प्रस्तुति

अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के दौरान इस बार दो स्टार नाइट आयोजित की जाएंगी। पहली सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध पंजाबी गायक सतिंदर सरताज अपनी प्रस्तुति देंगे। उनकी गायकी सुनने के लिए क्षेत्र के युवाओं और संगीत प्रेमियों में अभी से उत्सुकता बनी हुई है। इसके अतिरिक्त पूर्व सैनिक संगठन के सौजन्य से वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। मेला प्रशासन की ओर से महिलाओं के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
विज्ञापन


17 नवंबर तक पूरी होंगी तैयारियां : एसडीएम

मेला अधिकारी एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि रेणुकाजी मेले से संबंधित सभी तैयारियां 17 नवंबर तक पूरी कर ली जाएंगी। 18 नवंबर को मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा और यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है तो उसे तुरंत दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 19 नवंबर से मेले की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन तैयार रहेगा।

संवाद

रेणुका मेला मैदान में अपनी दुकानें सजाते व्यापारी। संवाद 

रेणुका मेला मैदान में अपनी दुकानें सजाते व्यापारी। संवाद 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें