फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour News: अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले में चार देवता भरेंगे हाजिरी, प्रशासन ने दिया न्योता

विज्ञापन
विज्ञापन
- 19 नवंबर को ददाहू पहुंचेंगे चारों देवता, चांदी के सिंहासन पर सवार होकर आएंगे भगवान परशुराम
विज्ञापन

- प्रशासनिक अधिकारियों ने मंदिरों में पहुंचकर परंपरानुसार भेंट अर्पित कर दिया व्यक्तिगत निमंत्रण
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले में इस वर्ष भी क्षेत्र के चार देवता अपनी हाजिरी भरेंगे। मेले की पारंपरिक धार्मिक रस्म के तहत जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को चारों देवताओं को व्यक्तिगत निमंत्रण (न्योता) दिया गया। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी संबंधित मंदिरों में पहुंचे और देवताओं के चरणों में पारंपरिक भेंट अर्पित कर मेले में शामिल होने का न्योता दिया।
परंपरा के अनुसार आसपास के क्षेत्रों से चार देवता ही रेणुकाजी मेले में शिरकत करने पहुंचते हैं। स्थानीय भाषा में देवताओं को व्यक्तिगत निमंत्रण देने की इस परंपरा को ‘न्यौंग’ कहा जाता है। मान्यता है कि बिना निमंत्रण के देवता मेले में अपनी हाजिरी नहीं भरते।
विज्ञापन

इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए तहसीलदार ददाहू जयसिंह ठाकुर अपने अधीनस्थ कर्मचारी के साथ भगवान परशुराम के प्राचीन एवं प्रसिद्ध जामू मंदिर तथा सैनधार क्षेत्र के कटाह मंदिर पहुंचे। वहीं, महासू देवता मंदिर में निमंत्रण देने की जिम्मेदारी तहसीलदार कमरऊ और कानूनगो को सौंपी गई। मंडलाह स्थित परशुराम मंदिर में देवता को निमंत्रण देने के लिए तहसीलदार नाहन उपेंद्र कुमार और कानूनगो को भेजा गया।
रेणुका विकास बोर्ड की ओर से सभी देवताओं के लिए पारंपरिक भेंट के रूप में चावल, गुड़ की भेली, नारियल, शुद्ध घी और मिठाई भेजी गई। भगवान परशुराम मंदिर जामू के पुजारी चेतराम और कटाहा मंदिर के पुजारी गणेश दत्त ने देवताओं की भेंट स्वीकार कर प्रशासनिक अधिकारियों को आशीर्वाद दिया।

19 नवंबर को निकलेगी देवताओं की शोभायात्रा
चारों देवता 19 नवंबर की सुबह ददाहू पहुंचेंगे और मेले की शोभायात्रा में शामिल होंगे। चांदी के सिंहासन पर सवार होकर पहुंचने वाले भगवान परशुराम सहित अन्य देवताओं की उपस्थिति से मेले की धार्मिक परंपराओं का निर्वहन होगा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की दसवीं तिथि को चारों देवता मेले में अपनी हाजिरी भरेंगे। इसके साथ ही छह दिनों तक चलने वाले अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले का विधिवत आगाज होगा।
विज्ञापन

रेणुका विकास बोर्ड के सीईओ भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि मेले में शामिल होने वाले चारों देवताओं को प्रशासन की ओर से व्यक्तिगत निमंत्रण भेजा गया है। इस मौके पर भगवान परशुराम सेवादल के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, भगवान परशुराम के मुख्य कारदार विरेंद्र सिंह, कटाहा मंदिर के प्रधान अमर सिंह ठाकुर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें