रेणुका मेले के इतिहास में जुड़ेगा एक नया अध्याय
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले के इतिहास में इस मर्तबा एक नया संयोग जुड़ने जा रहा है। मेले के दौरान दसवीं से लेकर पूर्णिमा तक जहां मंदिर परिसर में प्रतिदिन हवन-यज्ञ किया जाएगा, वहीं संध्याकाल में पवित्र रेणुका झील में शुद्ध घी के दीपक तैराकर मां रेणुकाजी की महाआरती की जाएगी। यह निर्णय रेणुका विकास बोर्ड ने अपने स्तर पर लिया है। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु इस महाआरती का हिस्सा बनेंगे।
मेला अधिकारी एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने कहा कि इस कार्य से जुड़ने वाले श्रद्धालु रेणुकाजी विकास बोर्ड कार्यालय में शुद्ध देशी घी दान करके इस महाआरती का हिस्सा बन सकते हैं।
उन्होंने और तहसीलदार ददाहू जयसिंह ठाकुर ने स्वयं इस पुनीत कार्य का श्रीगणेश करने के लिए अपनी ओर से पांच-पांच किलो शुद्ध देसी घी रेणुका विकास बोर्ड को दान किया है। उधर, क्षेत्र से जुड़े लोग बोर्ड के इस निर्णय की जमकर सराहना कर रहे हैं।
-संवाद