69 लाख से हो रहा मरम्मत कार्य
4 किलोमीटर सड़क बदहाल, वाहन चालक परेशान, पैचवर्क शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब–पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर मोगीनंद से कालाअंब तक लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़क की मरम्मत आखिरकार शुरू हो गई है। लगभग 4 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही थी। स्थिति यह थी कि कुछ मिनटों का सफर आधे घंटे में तय किया जा रहा था।
एनएच विभाग ने अब सड़क पर पैचवर्क शुरू कर दिया है। मरम्मत से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं वाहनों के रखरखाव का अतिरिक्त खर्च भी कम होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने दोसड़का से कालाअंब तक एनएच-07 की मरम्मत के लिए 69 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है।
स्थानीय निवासी नरेश कुमार, सुभाष, मोहित, दिनेश, संजय, नरेंद्र, अश्वनी और लाल चंद ने बताया कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त सड़क के कारण वाहनों को नुकसान हो रहा था और दैनिक यातायात भी प्रभावित था। पैचवर्क शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने विभाग का आभार जताया है।
एनएच विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा ने बताया कि कालाअंब टोल बैरियर तक सड़क पर पैच लगाने का काम तेजी से चल रहा है। जहां सड़क ज्यादा खराब है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरा पैचवर्क पूरा कर सड़क को सुगम बनाया जाएगा।