अवकाश के बाद खुले स्कूल, पहले दिन कम संख्या में पहुंचे बच्चे
नाममात्र की हुई पढ़ाई, अध्यापकों ने की सफाई और दूसरे कार्यों को निपटाया
शमशेर स्कूल में 200, कैंट में 150 और मॉडल नाहन में पहुंचे 14 बच्चे
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। जिले में 33 दिन के लंबे अंतराल के बाद बुधवार को प्री प्राइमरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के स्कूल खुले। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद पहले दिन बहुत ही कम संख्या में बच्चे स्कूल पहुंचे। जिला मुख्यालय नाहन के दो प्रमुख स्कूलों समेत केंद्रीय प्राथमिक पाठशालाओं में भी बच्चों की उपस्थिति नाममात्र की रही।
कम बच्चों के कारण अधिकतर स्कूलों में कक्षाओं का नाम का ही संचालन हुआ। सुबह 11:35 बजे..। प्राथमिक केंद्र पाठशाला मॉडल नाहन। शिक्षक परिसर में कार्यालय के सोफे और दूसरे सामान को सुखाते नजर आए। दो कमरों में नाम के ही बच्चे बैठे थे, जिनको शिक्षक पढ़ा रहे थे। केंद्रीय मुख्य शिक्षिका के कमरे में सीलन से बदबू का बुरा हाल था। शिक्षक सामान को दुरुस्त करने में जुटे हुए थे। केंद्रीय मुख्य शिक्षिका मंजू चौहान ने बताया कि पहले दिन 99 बच्चों में से 14 बच्चे ही स्कूल पहुंचे, पहले दिन बच्चों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और शिक्षकों और मिड-डे मील कर्मियों ने सीलन से खराब हुई सामग्री को बाहर लाकर सुखाने का कार्य निपटाया। मालूम हुआ स्कूल में चपड़ासी और मल्टी टास्क वर्कर नहीं है। इस कारण शिक्षक खुद ही इस कार्य में जुटे रहे।
समय 12:00 बजे। शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) नाहन। स्कूल के दोनों परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई दिया। एक कमरे से बच्चों की आवाज आ रही थी। स्टाफ रूम में पहुंचने पर कई शिक्षक एक टेबल पर कार्य करते नजर आए। महिला शिक्षकों ने बताया कि पहले दिन नाममात्र के ही बच्चे स्कूल पहुंचे हैं। यहां सभी शिक्षक कंपार्टमेंट के पर्चे जांचने, एडमिशन विड्राल, छात्रवृत्ति, प्रमाण पत्रों के कार्य में जुटे हुए दिखाई दिए।
स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार चौहान ने बताया कि पहले दिन स्कूल में 500 में से करीब 200 बच्चे ही स्कूल पहुंचे हैं। इसी प्रकार कन्या स्कूल नाहन और कैंट स्कूल में बच्चों की संख्या कम रही। सभी स्कूल प्रभारियों ने उम्मीद जताई कि सोमवार से बच्चों की मौजूदगी शतप्रतिशत होगी।
संवाद
प्राथमिक केंद्र पाठशाला मॉडल नाहन में नशा निवारण की शपथ ग्रहण करते विद्यार्थी। संवाद
प्राथमिक केंद्र पाठशाला मॉडल नाहन में नशा निवारण की शपथ ग्रहण करते विद्यार्थी। संवाद