पोस्टर मेकिंग में कुमकुम तो नारा लेखन में कल्पना ने मारी बाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां/नाहन (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय सराहां के रोड सेफ्टी क्लब की ओर से सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर मेकिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कुमकुम गौतम ने प्रथम, तरुणा ने द्वितीय एवं खुशी शर्मा ने तृतीय स्थान अर्जित किया।
नारा लेखन प्रतियोगिता में कल्पना ने प्रथम, महक शर्मा ने द्वितीय एवं प्रीतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय सभागार में सड़क सुरक्षा विषय पर एक व्याख्यान का भी आयोजन किया गया। प्रो. सुदेश कुमार (संयोजक, रोड सेफ्टी क्लब) ने छात्रों को गोल्डन ऑवर एवं गुड सामरिटन जैसे विषयों पर जागरूक किया।
कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राजन कौशल ने विद्यार्थियों को विभिन्न सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में इको क्लब के संयोजक डॉ. मोल्लम डोलमा ने स्वच्छता विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता पर शपथ भी दिलाई। प्रो. दिनेश कुमार ने औपचारिक रूप से उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम के बाद रोड सेफ्टी क्लब एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वाधान में विद्यार्थियों द्वारा महाविद्यालय परिसर से बाईपास एवं पुराना बस अड्डा होते हुए नया बस अड्डा सराहां तक एक जागरुकता रैली निकाली गई।
इस अवसर पर डॉ. सुध्यान नेगी, प्रो. कृष्ण दत्त, डॉ. रीमा शर्मा, प्रो. प्रियंका सराओ, अधीक्षक शंभू नाथ, संजीव कुमार, किरण कांत आदि उपस्थित थे।