ब्लड बैंक नाहन में रक्तदाता रामपाल को प्रमाणपत्र देतीं स्टाफ नर्स स्वाति पुंडीर। स्रोत: सोसायटी
रेणुका की गर्भवती मरीज के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन के ब्लड बैंक में नहीं था खून
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। रेणुका तहसील के गांव खाला क्यार की एक गर्भवती महिला के लिए आपात स्थिति में दुर्लभ एबी निगेटिव रक्त की जरूरत पड़ी। मेडिकल कॉलेज नाहन के ब्लड बैंक में इस रक्त समूह की उपलब्धता नहीं थी। ऐसे में ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी के सदस्य रामपाल ने महज 10 मिनट में ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया। इससे मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका और जच्चा-बच्चा की जान बचाने में मदद मिली।
सोसाइटी के संचालक ईशान राव के माध्यम से रामपाल को जैसे ही रक्त की आवश्यकता की जानकारी मिली, वह तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंच गए। मरीज का हीमोग्लोबिन कम होने के कारण प्रसव के लिए रक्त की आवश्यकता थी। आपात स्थिति को देखते हुए रामपाल ने अपना नौवां रक्तदान किया। रामपाल सोसायटी के सक्रिय सदस्यों में शामिल हैं और जरूरत पड़ने पर रक्तदान के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
ब्लड बैंक की स्टाफ नर्स स्वाति ने रामपाल को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। सोसाइटी ने लोगों से नशे, विशेषकर चिट्टे जैसी घातक लत के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने और जरूरतमंद मरीजों के लिए नियमित रक्तदान करने की अपील की।