-मां दुर्गा नवयुवक मंडल माईना ने ज्ञानवर्धक स्पर्धाएं भी आयोजित की
संवाद न्यूज एजेंंसी
संगड़ाह (सिरमौर)। उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले ग्राम माईना में भाई दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मां दुर्गा नवयुवक मंडल माईना के युवाओं की ओर से रामलीला का मंचन किया गया। यही नहीं, पढ़ने वाले छात्रों के ज्ञानवर्धन के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
पहले दिन कार्यक्रम में उपमंडल अधिकारी सुनील कायथ मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने मंच पर फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद बालिकाओं ने दया करो मां दया करो, अब तो मुझ पर दया करो..., मन की वीणा से गुंजें, ध्वनि मंगलम स्वागतम, स्वागतम्.., की प्रस्तुति दी। इसके बाद नवयुवक मंडल के कलाकारों ने रामायण महापुराण के प्रथम दृश्य में राक्षसों की ओर से महर्षि विश्वामित्र की तपस्या भंग करना दिखाया गया।
मुकेश शर्मा ने आरियो रा बांमणा चाला पारियों के.., गीत पेश किया। बच्चों ने एकांकी के माध्यम से जंगल कटान पर तंज कसे। नन्ही बालिका मानवी ने कान्हा सो जा जरा.., गीत पर मनोहारी नृत्य किया। जयप्रकाश शर्मा ने बाबू रे घोरो दा लागा रेडियो, बाजा सीमा बांठणे..., ओमप्रकाश शर्मा ने मेरे रश्के कमर.., फिल्मी गीत के बाद तेरे गोलोदी बे सूने री कांडी लीला भाणजी जानकिए.., की प्रस्तुति दी। नव्या शर्मा ने पंजाबी-हिन्दी पहाड़ी गीत माला पर नृत्य कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। बच्चों की ओर से पेट्रोल बचाओ पर एकांकी प्रस्तुत कर दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
दिन के समय सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी स्पर्धा हुई। जो इलेक्शन कानूनगो हरी शर्मा और प्रो. रमेश शर्मा के नेतृत्व में हुई। प्रतियोगिता के उप कनिष्ठ वर्ग में शिवांश, जानवी व अथर्व प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में अंजना अभिषेक व विनायक और वरिष्ठ वर्ग में कुशल, पिंकी व प्रगति ने क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान अर्जित किया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि सुनील कायथ ने पारितोषिक देकर सम्मानित किया।
इस दौरान ग्राम सुधार कमेटी के अध्यक्ष अधिवक्ता मेलाराम शर्मा, दौलतराम शर्मा, चेतराम शर्मा, दीपाराम शर्मा, भीमदत्त शर्मा के अलावा विशेष अतिथि के रूप में योगेंद्र कपिला मौजूद रहे। धर्मदत्त शर्मा ने दो दिन के भोजन व्यवस्था के लिए पूरी धनराशि प्रदान की।
-संवाद
माईना गांव में रामलीला मंचन का आनंद लेते लोग। संवाद