आयोजन में शिरगुल महाराज की पवित्र छड़ी के दौरान श्रद्धा का सैलाब
प्राचीन श्री देई जी साहिबा मंदिर पांवटा साहिब में धार्मिक अनुष्ठान हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। श्री राम सेवा समिति पांवटा साहिब द्वारा प्राचीन श्री देई जी साहिबा मंदिर (श्रीराम मंदिर), पांवटा साहिब में दूसरे अखंड रामायण पाठ का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया। क्षेत्र के शिरगुल व श्रीराम भगवान पर आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष ओपी चौहान व महासचिव सुनील तोमर ने कहा कि इस धार्मिक आयोजन का विशेष आकर्षण गिरिपार क्षेत्र के धनला स्थित मंदिर से शिरगुल महाराज की पवित्र छड़ी का आगमन रहा। प्रथम दिन शिरगुल महाराज की छड़ी के मंदिर परिसर में पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव एवं श्रद्धा के साथ स्वागत किया। छड़ी के साथ पहुंचे सभी भक्तों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा शिरगुल महाराज के सम्मान में दो दिवसीय विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर शिरगुल महाराज के जयकारों एवं भक्ति भावना से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने इसे अपने लिए सौभाग्य एवं आध्यात्मिक आस्था का विशेष अवसर बताया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुखराम चौधरी, समाजसेवी मदन शर्मा, गुरदीप सिंह गैरी, ज्ञान चौहान, एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल, तहसीलदार मस्त राम भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने खास मेहमान के तौर पर शिरकत की।
अखंड रामायण पाठ के समापन अवसर पर विधिवत यज्ञ एवं पूर्णाहुति संपन्न हुई, जिसमें प्रसिद्ध समाजसेवी मनीष तोमर ने यजमान के रूप में भाग लिया। इसके अतिरिक्त संतों का पूजन एवं भोज, कन्याओं का पूजन एवं भोज तथा पंडितों का पूजन एवं ब्राह्मण भोज भी आयोजित किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्री राम सेवा समिति ने सभी श्रद्धालुओं, शिरगुल महाराज की छड़ी के साथ पधारे भक्तों, संत-महात्माओं, दानदाताओं, समाजसेवियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। समिति भविष्य में भी धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण के कार्यों को इसी प्रकार आगे बढ़ाती रहेगी।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान, महासचिव सुनील तोमर, वीरांजना चौधरी, तोता राम शर्मा, लाल सिंह चौहान, रण सिंह शर्मा, विकास वालिया, पदम गर्ग,जगपाल, मुकेश शर्मा, दिनेश शर्मा, अर्जुन, नरेंद्र परमार, रणदीप पुंडीर, प्रताप पंवार, राजेंद्र चौहान, अतर सिंह, राकेश तोमर एवं ललित तोमर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।