-नाहन नगर परिषद की बैठक में बड़ा फैसला, राजनीतिक रैली और निजी कार्यक्रमों के लिए 50 हजार रुपये प्रतिदिन देने होंगे
-नगर परिषद की संपत्तियों को आगे किराये पर देने वालों पर कसेगा शिकंजा, तीन माह में मौके पर जाकर जांच करेगी कमेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर के ऐतिहासिक चौगान मैदान में अब व्यावसायिक मेले आयोजित करना आसान नहीं होगा। नगर परिषद नाहन ने मैदान से होने वाली आय बढ़ाने के लिए शुल्क की नई दरें निर्धारित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत व्यावसायिक मेलों के आयोजन के लिए एक लाख रुपये प्रतिदिन के साथ जीएसटी देना होगा। वहीं, राजनीतिक रैलियों और निजी कार्यक्रमों के लिए 50 हजार रुपये प्रतिदिन शुल्क निर्धारित किया गया है। नगर परिषद के सदन की शुक्रवार को करीब ढाई महीने बाद चार घंटे चली बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने की, जबकि वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी का कार्यभार संभाल रहे एसडीएम राजीव सांख्यान भी मौजूद रहे।
बैठक में कुल 13 पार्षदों में से 10 उपस्थित रहे और कोरम पूरा होने के बाद शहर से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। चौगान मैदान के उपयोग को लेकर प्रस्तुत प्रस्ताव पर लगभग सभी पार्षदों ने सहमति जताई। बैठक में तय किया गया कि स्पोर्ट्स एसोसिएशन यदि प्रायोजन के साथ प्रतियोगिता आयोजित करती है तो उसे 20 हजार रुपये प्रतिदिन के साथ जीएसटी देना होगा। वहीं, नाहन में पंजीकृत गैर-लाभकारी खेल एसोसिएशनों को बिना प्रायोजन के प्रतियोगिता आयोजित करने और सरकारी कार्यक्रमों के लिए चौगान मैदान निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा।
नगर परिषद की संपत्तियों को सबलेट करने वालों की होगी जांच
बैठक में नगर परिषद की संपत्तियों को कम किराये पर लेकर आगे दूसरे लोगों को किराये पर देने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर सदन ने सर्वसम्मति से जांच कमेटी गठित करने का निर्णय लिया। कमेटी में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, सामुदायिक आयोजक और संबंधित वार्ड के पार्षद शामिल होंगे।
यह कमेटी तीन महीने के भीतर मौके पर जाकर जांच करेगी कि नगर परिषद के साथ जिस व्यक्ति ने किराये का समझौता किया है, वही संबंधित संपत्ति का इस्तेमाल कर रहा है या नहीं। यदि मौके पर कोई अन्य व्यक्ति संपत्ति का इस्तेमाल करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सफाई व्यवस्था के लिए आउटसोर्सिंग और सीएलसी कर्मचारियों की होगी तुलना
शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी अहम निर्णय लिया गया। इसके तहत सर्कुलर रोड के अंदरूनी हिस्से की सफाई का काम आउटसोर्स करने का निर्णय लिया गया है, जबकि बाहरी हिस्से में सीएलसी कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। दोनों व्यवस्थाओं के कामकाज की तुलना की जाएगी। भविष्य में बेहतर काम करने वाली व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए एक ही व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया जाएगा।
-
स्ट्रीट वेंडिंग कमेटी के गठन का प्रस्ताव
शहर में स्ट्रीट वेंडिंग को व्यवस्थित करने के लिए भी बैठक में प्रस्ताव रखा गया। चर्चा के बाद स्ट्रीट वेंडिंग कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा नगर परिषद दो इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर खरीदेगी। शहर में स्ट्रीट लाइटें खरीदने के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया। बैठक में शहर में आवारा कुत्तों की नसबंदी करवाने और उनकी संख्या नियंत्रित करने, रानीताल पार्क की दशा सुधारने तथा लंबे समय से रुके विकास कार्यों को गति देने जैसे मुद्दों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के अंत में नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने शहरवासियों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इधर-उधर कचरा न फेंकें और शहर को साफ-सुथरा रखने में नगर परिषद का सहयोग करें।9999999