जय श्री राम के उद्घोष के साथ कालाअंब पहुंची कलश यात्रा
कालाअंब (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन से श्रीराम कलश यात्रा दोपहर लगभग 3:30 बजे औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब पहुंची। यहां क्षेत्रवासियों ने जय श्री राम का उद्घोष करते हुए पवित्र कलश के दर्शन किए और स्वागत किया।
अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को नवनिर्मित श्री राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर देश भर में कलश यात्रा निकाली जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को कलश यात्रा नाहन से शुरू होकर औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब पहुंची।
इससे पूर्व सैनवाला और मोगीनंद में भी क्षेत्रवासियों ने इस कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया और जय श्री राम का उद्घोष किया।
क्षेत्रवासियों में मीनाक्षी गुप्ता, दीपांशु, विक्की, सोनू, रूप सिंह, योगेश, दीपक, संजय गुप्ता, सोमा देवी, संदीपक तोमर और चेतन ने बताया कि कलश यात्रा के माध्यम से पवित्र कलश के दर्शन करने का अवसर मिला, जो सौभाग्य की बात है। इसके लिए सभी क्षेत्रवासी कलश यात्रा आयोजन समिति के आभारी हैं।