राजगढ़ (सिरमौर)। प्रथम एचपी बटालियन एनसीसी नाहन के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के प्रथम वर्ष के 13 कैडेट्स ने भाग लेकर राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ का नाम गौरवान्वित किया। शिविर के दौरान महाविद्यालय के सीनियर डिवीजन कैडेट्स ने कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा ड्रिल प्रतियोगिता में तृतीय स्थान पर रहे। कैडेट्स ने विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया।
इसके अतिरिक्त कैडेट्स ने फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट एवं मैप रीडिंग जैसी महत्वपूर्ण सैन्य प्रशिक्षण संबंधी दक्षताओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर में योग, फायरिंग और अन्य प्रशिक्षण गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी विनोद कुमार भी कैडेट्स के साथ शिविर में मौजूद रहे। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मीनू भास्कर और महाविद्यालय प्रशासन ने कैडेट्स की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संवाद