राजगढ़ क्षेत्र में ठंड ने पिछले दस वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया है। क्षेत्र में पाला भी जमकर कहर बरपा रहा है। वहीं शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ गया है। शीतलहर के कारण अधिकतर लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर हैं। जबरदस्त बर्फबारी व बारिश के कारण यातायात सहित बिजली आपूर्ति पूर्णतया बाधित हो गई है। आम जन-जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त है।
पाले व ठंड के कारण पेयजल आपूर्ति वाली पाइप लाइनें जाम हो चुकी है। भारी बरसात व बर्फबारी के कारण क्षेत्र की दस पंचायतों में ब्लैक आउट की स्थिति बरकरार है। वीरवार तक टालीभुजल, माटल बखोग, कोटीपद्योग, देवठी-मंझगाव, डिब्बर, कोटलाबंगी, शायासनौरा, नेरटीबघोट, जदोल टपरोली व हाब्बन पंचायतों में विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई।
हालांकि स्कूलों में छुट्टियां चल रही है, मगर वार्षिक परीक्षाओं का डर भी छात्रों को सता रहा है। क्योंकि बिजली न होने के कारण छात्र पढ़ाई पूरी नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा क्षेत्र की अधिकतर संपर्क सड़कें भी बाधित हो गई है। लोगों को यातायात व्यवस्था सुचारू न होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में खाने-पीने की वस्तुएं न पहुंच पाने के कारण लोगों को दोगुने दामों पर खच्चरों से सामान मंगवाना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन द्वारा क्षेत्र में खाने-पीने की वस्तुओं की सप्लाई के लिए किसी भी तरह का इंतजाम नहीं किया है।