नाहन (सिरमौर)। राजकीय उच्च पाठशाला बनकला-दो में विद्यार्थियों को चल रही डेस्क की कमी काफी हद तक पूरी हुई है। उषा एंड संस के एमडी व समाजसेवी बनकला पंचायत निवासी राजीव वर्मा ने पाठशाला को 20 डेस्क उपलब्ध करवाए हैं।
खास बात ये रही कि डेस्क मजबूत हों, इस बात का विशेष रूप से ख्याल रखा गया है। इसके लिए राजीव वर्मा ने डेस्क में लगने वाली सारी सामग्री उच्च गुणवत्ता वाली खरीदी और उसके बाद मजदूरी पर डेस्क निर्माण करवाए।
स्कूल के प्रभारी मामराज चौधरी ने बताया कि इससे पूर्व भी राजीव वर्मा स्कूल को फ्रिज और आर्थिक सहायता प्रदान कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले स्कूल में जो डेस्क थे, वह बहुत निम्न गुणवत्ता वाले थे, जो टूट जाने के बाद मरम्मत भी नहीं हो रहे हैं। डेस्क की कमी को देखते हुए वार्षिक समारोह में राजीव वर्मा ने स्कूल को 20 डेस्क देने का वादा किया था जिसे पूरा किया गया है, डेस्क में लगी पूरी सामग्री गुणवत्ता पूर्ण है।
इस कार्य के लिए प्रभारी मामराज चौधरी, स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष नीतू देवी और समस्त स्कूल स्टाफ ने एमडी राजीव वर्मा का आभार प्रकट किया है।