सराहां (सिरमौर)। पच्छाद विस क्षेत्र के एक युवक का चयन सेंट्रल वेयरहाउसिंग कारपोरेशन (सीडब्ल्यूसी) में हुआ है। सामान्य श्रेणी से चयनित होने वाला यह युवक हिमाचल का पहला युवक है। पच्छाद विस क्षेत्र की ग्राम पंचायत नैनाटिक्कर के ढंगयारी निवासी रजत पुंडीर पुत्र बाल किशन पुंडीर का चयन सीडब्ल्यूसी में वरिष्ठ असिस्टेंट मैनेजर के पद पर हुआ है।
उनके चयन से उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। बता दें कि रजत पुंडीर के पिता बाल किशन पुंडीर भूतपूर्व सैनिक हैं जो कि वर्तमान में जलशक्ति विभाग में पंप ऑपरेटर हैं। जबकि माता वंदना पुंडीर गृहिणी है।
रजत के पिता बाल किशन पुंडीर ने बताया कि रजत ने पहली से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई नैनाटिक्कर से की। उसके बाद जेएन इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर से बीटेक इलेक्ट्रीकल की। फिर नौनी विश्वविद्यालय से दो विषयों में डबल एमबीए की है। एमबीए फाइनेंस और एमबीए मार्केटिंग करने के उपरांत रजत ने तीन बैंकों में नौकरियां भी कीं। उसके बाद रजत पुंडीर का चयन डेवलपमेंट ऑफिसर एलआईसी में हुआ।
इसके बाद उसका चयन एलआईसी की हाउसिंग फाइनेंस में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर हुआ जहां पर उसने 1 वर्ष तक चंबा में नौकरी की। उसके उपरांत असिस्टेंट मैनेजर दिल्ली में भी कुछ समय तक नौकरी की लेकिन रजत आगे भी निरंतर टेस्ट देता रहा। इसके चलते उसका चयन अब केंद्र सरकार के सेंट्रल वेयरहाउसिंग कारपोरेशन में सीनियर असिस्टेंट मैनेजर के पद पर हुआ हैं। रजत पुंडीर के इस चयन से जहां परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं क्षेत्र में भी खुशी की लहर है। रजत के पिता बाल किशन पुंडीर ने बताया कि वह कॉलेज और उसके बाद भी 13 से 14 घंटे की पढ़ाई करता था।
-------------