पांवटा साहिब में हल्की बारिश से दिनभर बाजार में छाया रहा सन्नाटा
व्यापारी और रेहड़ी संचालक खरीदारों का दिन भर करते रहे इंतजार
शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश तथा गिरि पार से आवागमन रहा कम
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शनिवार को तड़के से ही पांवटा दून के अधिकतर क्षेत्रों में बूंदाबांदी रही। बीच-बीच में बारिश तेज होने से तापमान में गिरावट व मौसम ठंडा रहा। पूर्व प्रधानमंत्री के निधन के चलते प्रदेश के शैक्षणिक संस्थाओं में दो दिन का अवकाश है। गिरि पार क्षेत्रों से भी बारिश के चलते कम लोग ही पांवटा पहुंचे। इसके चलते लोग कम ही बाजार की तरफ नजर आए।
स्थानीय निवासी जुल्फकार अली, देवराज चौहान, अजीत सिंह, परमिंदर कौर, कंवर ठाकुर, राजेश कुमार व साहिल का कहना है कि सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। दिन भर आसमान पर बादलों का डेरा रहा। दिन भर दून क्षेत्र का मौसम ठंडा रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम दस डिग्री सेल्यिस रहा। बीच-बीच में बूंदाबांदी होने पर अधिकतर लोग घरों में ही दुबके रहे। कई जगहों पर लोग अलाव जलाकर आग सेंकते नजर आए। इसके चलते मुख्य बाजार में लोगों को बहुत कम आवागमन रहा।
स्थानीय दुकानदारों चेतन चुग, भारत भूषण गोयल, अनुज कुमार, प्रवीन गोयल, अभिनंदन एवं रेहड़ी फड़ी संचालकों कपिल, सुनील
व राजेश ने बताया कि सुबह दस बजे के बाद तथा शाम के समय ज्यादा खरीदारों के पहुंचने से भीड़ रहती है। पांवटा बाजार में खास कर हर सप्ताह शनिवार को भीड़भाड़ सुबह से शाम तक नजर आती है। सप्ताह में रविवार को स्थानीय बाजार बंद रहने के चलते लोग, शनिवार को ही जमकर खरीदारी कर लेते हैं लेकिन शनिवार को दिन पर रिमझिम बारिश के अधिकतर समय बाजार में सन्नाटा ही पसरा रहा जिससे नाममात्र की आमदनी शनिवार को हुई।
संवाद