अधीक्षक ग्रेड-2 के रिक्त पद भरने और करुणामूलक नौकरी की आय सीमा पांच लाख करने की मांग
डब्ल्यूएएमआईएस कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि और लिपिक वर्ग के रिक्त पद भरने का भी आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन जिला सिरमौर की वर्चुअल बैठक जिला अध्यक्ष नागेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। महासचिव साकेत कुमार ने बैठक का संचालन किया। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद मांगों को लेकर प्रस्ताव पारित कर आगामी कार्रवाई के लिए राज्य कार्यकारिणी को भेजे गए।
एसोसिएशन ने वरिष्ठ सहायकों से अधीक्षक ग्रेड-2 के पदों पर हाल ही में हुई पदोन्नति के लिए सरकार और राज्य कार्यकारिणी का आभार जताया। साथ ही अधीक्षक ग्रेड-2 के रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की। एसोसिएशन ने कहा कि इससे पात्र कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ मिल सकेगा और विभागीय कामकाज भी सुचारु रहेगा।
बैठक में करुणामूलक आधार पर नौकरी के लिए निर्धारित पारिवारिक आय सीमा को तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा डब्ल्यूएएमआईएस पोर्टल पर अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि या उचित मानदेय देने की मांग की गई।
जिला सिरमौर के विभिन्न कार्यालयों में लिपिक वर्ग के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने की भी मांग की गई। एसोसिएशन ने कहा कि कर्मचारियों की कमी के कारण मौजूदा स्टाफ पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है। इससे विभागीय कामकाज प्रभावित होने के साथ कर्मचारियों पर भी दबाव बढ़ रहा है।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रोमिला ठाकुर, उपाध्यक्ष मनीष कुमार, पवन कुमार, गुरदीप सिंह, घनश्याम, संयुक्त सचिव किशन पुंडीर, सुमित कुमार, बबलू, वित्त सचिव रुपेश अग्रवाल, संगठनात्मक सचिव दलीप कुमार, भूपाल सिंह, प्रेस सचिव नागेंद्र सिंह, ऑडिटर राजेश शर्मा, कानूनी सलाहकार चंदर प्रकाश और मुख्य सलाहकार इंद्र सिंह सहित अन्य जिला प्रतिनिधि मौजूद रहे।-