बैठने की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण अब दूसरी जगह बुलाई जाएगी बैठक, कालाअंब-पांवटा-देहरादून राष्ट्रीय उच्च मार्ग-07 को फोरलेन किया जाना है प्रस्तावित
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-सात चंडीगढ़-देहरादून के कालाअंब से पांवटा साहिब तक फोरलेन निर्माण को लेकर औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में सार्वजनिक परामर्श बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम नाहन सलीम आजम ने की। बैठक में ग्रामीणों को प्रस्तावित राष्ट्रीय उच्च मार्ग-सात को फोरलेन किए जाने को लेकर सार्वजनिक परामर्श के लिए आमंत्रित किया गया था, जिसमें मोगीनंद, ओगली, मैनथापल, सुुुकेती गांवों के ग्रामीणों को राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण विभाग की ओर से उक्त राजमार्ग के फोरलेन बनाने के प्रस्तावित स्थानों के बारे में बताया गया। हालांकि, बैठक स्थल पंचायत भवन कालाअंब में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण एसडीएम नाहन ने दोबारा बैठक का आयोजन किसी ऐसे स्थान पर करने के एनएच विभाग को निर्देश दिए, जहां ग्रामीणों की संख्या के मुताबिक बैठने का पर्याप्त स्थान हो।
बहरहाल, वीरवार को हुई इस बैठक में शामिल ग्रामीणों को प्रस्तावित फोरलेन निर्माण की योजना की जानकारी ही दी जा सकी। विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज सहगल ने बताया कि कालाअंब टोल टैक्स बैरियर से 200 मीटर आगे सड़क को मोड़ते हुए वाया सुकेती होते हुए मोगीनंद स्थित वंडर प्रोडक्ट्स कंपनी के पास वर्तमान राजमार्ग से जोड़ा जाएगा। इस योजना के तहत ओगली, मैन थापल, मोगीनंद, सैनवाला और दोसड़का को बाईपास बनाया जाना प्रस्तावित है। लिहाजा, वीरवार को हुई बैठक में विभाग की ओर से ग्रामीणों को कहा गया कि आगामी बैठक में वह अपने सुझाव और आपत्तियों को लिखित में दें, ताकि उनको मद्देनजर रखते हुए राष्ट्रीय उच्च मार्ग-सात को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। इस मौके पर तहसीलदार नाहन उपेंद्र कुमार, लायन इंजीनियरिंग कंसल्टेंट प्रा.लि. के प्रभारी अरुण, राकेश मेहरा, कालाअंब पंचायत प्रधान रेखा चौधरी, सैनवाला पंचायत के प्रधान संदीपक तोमर, उप प्रधान इस्लाम मोहम्मद, पूर्व प्रधान राजेश तोमर, सेवानिवृत्त सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी रमेश गोयल, सड़क सुरक्षा क्लब कालाअंब के प्रधान सोमनाथ भाटिया, सुभाष चौधरी, लियाकत अली, यामीन, रविंद्र पुंडीर, अमित कुमार सहित अन्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
फोरलेन के लिए विभाग को करना पड़ सकता है चुनौती का सामना
कालाअंब से पांवटा साहिब तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग-सात को फोरलेन बनाने के लिए विभाग को कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। वीरवार को कालाअंब में आयोजित सार्वजनिक परामर्श बैठक से नहीं लगता है कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-सात को फोरलेन आसानी से किया जा सकता है। विभाग को सुझावों की अपेक्षा लोगों की आपत्तियों का ज्यादा सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, जिला प्रशासन और एनएच विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि उक्त राजमार्ग को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया में आंशिक बदलाव संभव हो सकता है, लेकिन बड़े पैमाने पर इसमें बदलाव संभव नहीं है। अगली बैठक में इस मुद्दे को लेकर क्या निष्कर्ष निकलता है, ये उस बैठक के बाद ही तय होगा।