पझौता कॉलेज में वादविवाद स्पर्धा में नीरज ने मारी बाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़/नाहन (सिरमौर)। चुनावी साक्षरता क्लब और इको क्लब के संयुक्त तत्वाधान में राजकीय महाविद्यालय पझौता में नई शिक्षा नीति-2020 विषय पर सामूहिक वादविवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में टीम गांधी शिक्षा नीति के पक्ष और शास्त्री टीम विपक्ष में बोली। गांधी टीम का नेतृत्व द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रियांशु और शास्त्री टीम का नेतृत्व तृतीय वर्ष की अंजलि ने किया।
वादविवाद प्रतियोगिता कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. शिवानी शर्मा ने की। इतिहास विषय के सहायक आचार्य प्रो. प्रकाश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन बीए तृतीय वर्ष की छात्रा कशिश ने किया। प्राचार्य डॉ. शिवानी शर्मा ने चुनावी साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारी प्रोफेसर विजेंद्र सिंह और इको क्लब की संयोजिका प्रो. आशा रानी को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए बधाई दी। धन्यवाद भाषण बीए तृतीय वर्ष की छात्रा शीतल ने पेश किया।
प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष के नीरज प्रथम, बीए तृतीय वर्ष की तृप्ता द्वितीय और बीए तृतीय वर्ष की अंजलि व बीए द्वितीय वर्ष की पायल संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। बीए द्वितीय वर्ष के प्रियांशु और गौरव को सद्भावना पुरस्कार प्राप्त हुए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
-संवाद