बच्चों को अनुशासित तरीके से प्रौद्योगिकी का उपयोग करना सिखाना होगा : सरीन
अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय में आयोजित हुआ अभिभावक अभिमुखीकरण कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय नाहन में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की ओर से अभिभावक अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित कर अभिभावकों का मार्गदर्शन किया गया। इस दौरान ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के रिसोर्स पर्सन वनीता सरीन उतरी क्षेत्र तथा आशीष गुलेरिया क्षेत्रीय प्रबंधक ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रिसोर्स पर्सन वनीता सरीन ने कहा कि हम प्रौद्योगिकी के युग में हैं तथा हम अपने बच्चों को प्रौद्योगिकी से दूर नहीं रख सकते हैं लेकिन हमें उन्हें अनुशासित तरीके से प्रौद्योगिकी का उपयोग करना सिखाना होगा। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में माता-पिता को भाषायी कौशलों के (सुनना, बोलना, पठन तथा लेखन) बारे में समझाया गया तथा उसकी योग्यताएं बताईं गईं। इसके साथ-साथ शारीरिक, भावनात्मक, मानसिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विकास के बारे में विस्तार से समझाया गया।
कहा कि शिक्षक के बारे में नकारात्मक बातें छात्र के सामने नहीं बोलनी चाहिए, अगर वह शिक्षक का सम्मान नहीं करता है तो वह माता-पिता का भी सम्मान नहीं करेगा । छात्रों को कला एकीकृत पुस्तकें प्रदान करने पर बल दिया गया। बच्चों से किया गया वादा नहीं तोडऩा चाहिए, अगर हम ऐसा करते हैं तो हम बच्चे को वादे तोडऩा सीखा रहे हैं।
कार्यक्रम में टेक्नोलॉजी से बच्चों की लाइफ स्किल्स को सक्षम करने के लिए एविएशन टूल्स से अवगत करवाया गया।
कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं निदेशक दविंद्र के. साहनी ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से आए हुए लोगों का तथा अभिभावकों का धन्यवाद किया और कहा कि छात्रों का विकास अध्यापकों तथा अभिभावकों के समन्वय से ही संभव है।