विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर प्रवेश कॅरिअर ग्रोथ की दी जानकारी
पांवटा साहिब कॉलेज में कॅरिअर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन
आवश्यक पुस्तकों और ऑनलाइन सामग्री की जानकारी साझा की
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। श्री गुरु गोविंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में रसायन विज्ञान विभाग की ओर से केमिग्र्रीन क्लब की गतिविधियों के अंतर्गत दो सत्रों में अतिथि व्याख्यानों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर जगदीश चौहान कार्यक्रम के मुख्यातिथि रहे।
प्रथम सत्र मुख्य वक्ता कुमारी कविता ने स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के बारे में पावर प्वाइंट से प्रेजेंटेशन दी। इसमें सीयूईटी, आईआईटी जैम और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रभावी समय सारणी बनाना, विषयों को समझना, लक्ष्य निर्धारित करना, संतुलित योजना बनाना, कठिन विषयों को प्राथमिकता देना, नियमित ब्रेक लेना और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास करना पर विशेष महत्त्व दिया गया।
सत्र के दूसरे भाग में कविता ने गणित विषय में स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा में प्रश्नों के विविध प्रकार तथा उनकी तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकों और ऑनलाइन सामग्री की सूची विद्यार्थियों से साझा की। बीएससी तृतीय वर्ष से पलक ने सफल मंच संचालन किया और दीक्षा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। दूसरे सत्र में मुख्य वक्ता जुनैद शाह ने अपार्चुनिटीज़ एंड कॅरिअर ग्रोथ आफ्टर एमएससी केमिस्ट्री विषय पर अपने विचार साझा किए।
जुनैद ने विद्यार्थियों को बताया कि स्नातकोत्तर के दौरान किन विविध तरीकों से रसायन विज्ञान के ज्ञान का सदुपयोग करके जीविकोपार्जन कर सकते हैं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के सभी प्रश्नों के उत्तर एक पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दिए।
-संवाद