-राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर नाहन में जिला स्तरीय कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता कापटा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता केवल सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने, शासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने तथा समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता निष्पक्षता, तथ्यात्मकता और नैतिक मूल्यों पर आधारित होनी चाहिए।
एकता कापटा सोमवार को राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नाहन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही थीं। उन्होंने पत्रकारों को दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय प्रेस परिषद की ओर से इस वर्ष निर्धारित विषय पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि समाचारों के प्रकाशन और प्रसारण में तथ्यों की पुष्टि, विभिन्न पक्षों को उचित स्थान देना और जनहित को सर्वोपरि रखना आवश्यक है। डिजिटल मीडिया के तेजी से बढ़ते प्रभाव के दौर में पत्रकारों की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।
कार्यक्रम में पत्रकारों ने भी विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाचारों में सनसनी पैदा करने के बजाय तथ्यों और विश्वसनीयता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जिला लोक संपर्क अधिकारी ममता नेगी ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बीच सूचनाओं की सत्यता की पुष्टि करना तथा भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकना पत्रकारिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नैतिक मूल्यों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों के साथ नाहन महाविद्यालय के पत्रकारिता के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। विद्यार्थियों को पेशेवर नैतिकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व को समझने का अवसर मिला।-