शिलांजी पंचायत के पंचड गांव के समीप हुई बस दुर्घटना के शिकार बिहार निवासी रोनी विश्वास का पोस्टमार्टम शनिवार को स्थानीय अस्पताल में किया गया। पाली हाउस बनाने वाली कंपनी अब शव को बिहार भेजेगी। बस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद रोनी विश्वास को उपचार के लिए जिला अस्पताल सोलन भेजा गया जहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था लेकिन वहां उसे डॉक्टरों ने दाखिल करने से पूर्व ही मृत घोषित कर दिया और पोस्टमार्टम वहां नहीं किया। इसके चलते पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम स्थानीय अस्पताल में करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। चिकित्सालय प्रभारी डॉ. उमा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करके पुलिस को सौंप दिया है।
उधर, शिलांजी पंचायत के लोगों ने पंचड़ गांव के समीप वीरवार को हुई बस दुर्घटना में जिला प्रशासन के अधिकारियों के घटना के पांच घंटे से पूर्व मौके पर पहुंचने की सराहना की है। जिला परिषद सदस्या शकुंतला चौहान, पंचायत प्रधान कृष्णा चौहान, उप प्रधान जगदीश शर्मा, खजान सिंह जस्टा, पझोता स्वतंत्रता समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश चौहान ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि ऐसा पहली बार देखने को मिला कि दुर्घटना स्थल पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक उसी रात मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।
लोगों ने कहा कि इससे स्थानीय प्रशासन को ही नहीं बल्कि लोगों को भी हौसला मिला। इन लोगों ने सिविल अस्पताल राजगढ़ के डॉक्टरों की भी सराहना करते हुए बताया कि उन्होंने शुक्रवार प्रात: जल्दी आकर चार शवों के पोस्टमार्टम किए और लोग 10 बजे शव अंतिम संस्कार के लिए ले जा सके।