श्री पांवटा साहिब विकास मंच अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान पत्रकार वार्ता में संबोधित करते हुए। संवाद
विकास मंच ने 2027 के लिए उठाए सवाल, पांवटा की समस्याओं पर जनप्रतिनिधियों को घेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में विकास और जनसमस्याओं को लेकर श्री पांवटा साहिब विकास मंच ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मतदाताओं के सामने नोटा को एक विकल्प के रूप में रखने की बात कही है। मंच अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि यदि सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि जनता की कसौटी पर खरे नहीं उतरते हैं तो उनसे असंतुष्ट मतदाता चुनाव में नोटा का विकल्प चुन सकते हैं।
जीएस चौहान ने कहा कि मंच पिछले एक वर्ष से पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय होकर क्षेत्र की समस्याओं को उठाता रहा है। उनके अनुसार पांवटा साहिब तीन राज्यों से जुड़ा सीमावर्ती क्षेत्र होने के बावजूद पिछले चार वर्षों में विकास की दृष्टि से अपेक्षित प्रगति नहीं कर सका है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की काफी संभावनाएं हैं लेकिन उनका पर्याप्त उपयोग नहीं हो पाया है।
चौहान ने कहा कि मंच ‘एजेंडा-2027’ के तहत क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को उठाएगा। उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य जनता के सामने क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े सवाल रखना है। पत्रकार वार्ता में मंच के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।