-श्री पांवटा साहिब विकास मंच ने मेले के खर्च के लिए वैकल्पिक सुझाव दिए
ज्ञान चौहान बोले- ठेकेदार दुकानदारों से वसूल सकता है मनमाने दाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का मैदान ठेके पर देने और पंचायतों से कथित तौर पर राशि वसूलने के फैसले को लेकर विरोध शुरू हो गया है। श्री पांवटा साहिब विकास मंच ने रेणुका विकास बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए फैसलों को वापस लेने की मांग की है। मंच ने चेतावनी दी कि व्यापारियों के हितों की अनदेखी, पंचायतों पर आर्थिक बोझ और स्थानीय कलाकारों की उपेक्षा जारी रही तो आंदोलन किया जाएगा। मंच के अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान ने पत्रकार वार्ता में यह बात कही।
ज्ञान चौहान ने कहा कि पहले रेणुका विकास बोर्ड पारदर्शी तरीके से सीधे दुकानदारों को प्लॉट आवंटित करता था, जिससे स्थानीय और बाहरी व्यापारियों को उचित दरों पर जगह मिल जाती थी। इस बार पूरा मेला मैदान निजी ठेकेदार को सौंप दिया गया है। इससे बोर्ड को करीब 85 लाख रुपये का राजस्व मिला है, लेकिन अब दुकानदारों को ठेकेदार के माध्यम से प्लॉट लेने पड़ेंगे। आशंका है कि ठेकेदार अपनी लागत और मुनाफा निकालने के लिए मनमाने दाम वसूल सकता है, जिससे छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
मंच ने मेले के आयोजन के नाम पर क्षेत्र की पंचायतों से 2-2 हजार रुपये वसूलने के कथित आदेशों पर भी आपत्ति जताई। ज्ञान चौहान ने कहा कि जब बोर्ड मेला मैदान ठेके पर देकर लाखों रुपये का राजस्व अर्जित कर रहा है, तो पंचायतों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है।
उन्होंने मेले के खर्च के लिए वैकल्पिक सुझाव देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन करीब 8,000 करोड़ रुपये की लागत से रेणुका बांध परियोजना का निर्माण कर रहा है। इस एजेंसी सहित चार बड़े कॉरपोरेट घराने मेले के आयोजन में आर्थिक योगदान दे सकते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी मंच ने स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता देने की मांग की। चौहान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मेले के मंच पर बाहरी कलाकारों के साथ सिरमौर के लोक कलाकारों को भी पर्याप्त समय और उचित सम्मान मिलना चाहिए। स्थानीय प्रतिभाओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।-