विकास की बात -
-14, 15 और 17 नवंबर को अलग-अलग फीडरों पर रहेगा शटडाउन, उद्योगों को 50 फीसदी लोड पर काम करने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में विद्युत बोर्ड ने कदम उठाया है। क्षेत्र में 132 केवी का तीसरा सर्किट तैयार किया जा रहा है। इसके शुरू होने से औद्योगिक इकाइयों के साथ घरेलू उपभोक्ताओं को भी बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। हिमाचल प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से किए जा रहे इस कार्य के चलते 14, 15 और 17 नवंबर को अलग-अलग फीडरों पर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी, जबकि 18 नवंबर को बैकअप दिवस रखा गया है।
विद्युत उपमंडल कालाअंब के सहायक अभियंता ई. महेश चौधरी ने बताया कि तीसरे सर्किट के माध्यम से गिरि नगर से बिजली आपूर्ति का एक अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध होगा। इसे 132/33/11 केवी सब-स्टेशन जोहड़ोन से जोड़ा जाएगा। परियोजना के तहत 132 केवी अंधेरी-जोहड़ो सर्किट-1 और 2 पर मल्टी सर्किट मोनोपोल स्थापित करने के साथ पुराने कंडक्टर बदलकर आधुनिक एचटीएलएस कंडक्टर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक 132 केवी सर्किट-2 बंद रहेगा। इसके चलते 33 केवी कालाअंब नंबर-1, धौलाकुआं फीडर सहित 11 केवी के फीडर नंबर 02, 04, 10, 11 और 12 तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
15 नवंबर को सुबह 8 से रात 11 बजे तक 33 केवी कालाअंब नंबर-1, धौलाकुआं, न्यू सब-स्टेशन और राजश्री फीडर बंद रहेंगे। वहीं, 17 नवंबर को सुबह 8 से रात 8 बजे तक 132 केवी सर्किट-1 बंद रहने के कारण संबंधित फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान नागल सुकेती, हिमुडा कॉलोनी, मोगीनंद, खारा खारी, मैन्यपाल, ओगली, ढाकावाली, पटवारखाना और एक्साइज कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में भी बिजली कटौती होगी। 18 नवंबर को तकनीकी कारणों से कार्य अधूरा रहने की स्थिति में इसे पूरा किया जाएगा।
इनसेट-
उद्योगों का लोड स्वीकृत क्षमता के लगभग 50 प्रतिशत तक रखें सीमित
महेश चौधरी ने औद्योगिक इकाइयों से अपील की कि शटडाउन के दौरान बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने उद्योगों का लोड स्वीकृत क्षमता के लगभग 50 प्रतिशत तक सीमित रखें। उन्होंने आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों से भी बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि तीसरे सर्किट के शुरू होने से कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र को बिजली आपूर्ति का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे मौजूदा लोड को संभालने में मदद मिलेगी और भविष्य में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ बढ़ने वाली बिजली की मांग पूरी करने में भी सुविधा होगी। इसका लाभ उद्योगों के अलावा घरेलू उपभोक्ताओं, व्यापारियों, अस्पतालों और कृषि क्षेत्र को भी मिलेगा।