-पहले चरण में आठ विकास खंडों की 94 पंचायतों में होगा मतदान
-विकास खंड मुख्यालयों से बीडीओ ने पार्टियों को किया रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/ददाहू/सराहां/राजगढ़/शिलाई (सिरमौर)। जिला सिरमौर में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के लिए रविवार को आठ विकास खंडों से 547 पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने सुबह से ही विकास खंड कार्यालयों में पहुंचकर चुनाव सामग्री प्राप्त की और दोपहर तक मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए।
जिले में 1641 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से पहले चरण में 26 मई को 547 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में छह से सात कर्मचारी शामिल किए गए हैं। इनमें एक प्रिजाइडिंग अधिकारी, तीन पोलिंग अधिकारी, एक पुलिस जवान और एक होमगार्ड जवान तैनात किया गया है। वहीं संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है।
जानकारी के अनुसार सभी पोलिंग पार्टियां रविवार शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं। सोमवार को मतदान केंद्रों में अंतिम तैयारियां पूरी की जाएंगी, जबकि मंगलवार सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। नाहन विकास खंड की 10 पंचायतों में पहले चरण में मतदान होना है। इसके लिए रविवार को 64 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। खंड विकास अधिकारी अंजलि गर्ग ने चुनाव कर्मियों को मतदान सामग्री सौंपकर रवाना किया। इस दौरान थाना प्रभारी जीत राम शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पच्छाद उपमंडल की 35 पंचायतों में से पहले चरण में 11 पंचायतों में मतदान होना है। तहसीलदार पच्छाद प्रवीण चौहान ने बताया कि रविवार दोपहर बाद 69 पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। ददाहू में अंतिम पूर्वाभ्यास के बाद सभी चुनाव पार्टियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पहले चरण में यहां नौ पंचायतों के 53 वार्डों में मतदान होगा।
इसके लिए 53 चुनाव पार्टियों को मतदान सामग्री के साथ भेजा गया। विकास खंड निर्वाचन अधिकारी एवं बीडीओ दर्शन लाल पुंडीर ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। एसएचओ रेणुका प्रियंका वर्मा ने सुरक्षा कर्मियों को दिशा-निर्देश देकर रवाना किया। वहीं तिलोरधार, शिलाई, संगड़ाह, पांवटा साहिब समेत अन्य खंडों से भी पोलिंग पार्टियां भी अपने-अपने पोलिंग बूथों के लिए रवाना हुईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि 26 मई को जिले के आठ विकास खंडों की 94 ग्राम सभाओं में मतदान कराया जाएगा। इनमें नाहन विकास खंड की 10, राजगढ़ की 12, ददाहू की 9, संगड़ाह की 13, शिलाई की 13, पांवटा साहिब की 17, पच्छाद की 11 और कमरऊ विकास खंड की 9 पंचायतें शामिल हैं। सभी पंचायतों में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव करवाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक में रिजर्व पोलिंग पार्टियों को भी रखा गया है। संवाद
ददाहू में पोलिंग बूथों के लिए रवाना होते कर्मचारी। संवाद
ददाहू में पोलिंग बूथों के लिए रवाना होते कर्मचारी। संवाद
ददाहू में पोलिंग बूथों के लिए रवाना होते कर्मचारी। संवाद