रोड सेफ्टी क्लब की बैठक में पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। ददाहू में अवैध पार्किंग हटाने को लेकर रेणुका पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस ने ददाहू बाजार में निर्धारित समय सारिणी के अनुसार ही वाहनों से सामान की लोडिंग-अनलोडिंग की जा सकेगी। बाजार में अतिक्रमण से बचने के लिए येलो लाइन का भी प्रावधान किया जाएगा। यह बात रेणुका थाने की एसएचओ प्रियंका चौहान ने रविवार शाम को ददाहू में आयोजित रोड सेफ्टी क्लब की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने ने कहा कि अवैध पार्किंग से ददाहू बाजार में कई मर्तबा लोगों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने दुकानदारों को दुकान के आगे सामान न रखने की भी चेतावनी दी। बैठक में ददाहू बाजार में येलो लाइन लगाने के लिए उपायुक्त को प्रस्ताव भेजने पर भी सहमति बनी।
उन्होंने कहा कि नए प्रावधानों के तहत अवैध खनन करने वाले वाहनों को सीज करके उनके मामले अदालत को सौंपे जाऐंगे। बैठक में क्षेत्र से जुडे विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस मौके पर ददाहू पंचायत के प्रधान पंकज गर्ग, उप-प्रधान विजय पाल, पूर्व प्रधान रविंद्र गोयल, एएसआई शांता कुमार ठाकुर, कर्मचंद, मुख्य आरक्षी विरेंद्र सिंह व आशु अग्रवाल सहित पुलिस विभाग के कर्मचारी, गणमान्य लोग व दूकानदार मौजूद रहे।