छठी बटालियन धौलाकुआं में स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मी।
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। धौलाकुआं में छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी ने अपना 11वां स्थापना दिवस मनाया। कोरोना प्रोटोकॉल को देखते हुए सूक्ष्म रूप से स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान वाहिनी द्वारा निशुल्क पढ़ाए जा रहे स्कूली बच्चों ने बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की मुख्यातिथि जिला सिरमौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बवीता राणा ने भारतीय रिजर्व बटालियन के जवानों को हिमाचल पुलिस के डीजीपी संजय कुंडू का संदेश भी पढ़ कर सुनाया।
बटालियन के मनोज जोशी और अन्य जवानों ने स्थापना दिवस आयोजन में हिस्सा लिया। धौलाकुआं में स्थित छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी के द्वारा सर्वप्रथम मुख्यातिथि को सलामी दी। इसके बाद मुख्यातिथि बवीता राणा ने छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी के जवानों को 11वां स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। वाहिनी के योगदान के लिए जवानों को खूब पीठ थपथपाई गई। उन्हें भविष्य में भी भारत के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यातिथि ने कहा कि भारतीय रिजर्व बटालियन के द्वारा कोविड-19 के अंतर्गत भी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई है। बटालियन के द्वारा पूरे भारतवर्ष में जहां पर भी पुलिस बल की जरूरत होती है वहां पर इस बटालियन की ओर से मुख्य रूप से जिम्मेदारी निभाई जाती है। सबसे बड़ी और बेहतर बात यह है कि आज तक किसी भी जवान की कोई भी शिकायत नहीं आई है। जवान पूरी ईमानदारी से अपनी ड्यूटी का निर्वहण करते रहे हैं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत धौलाकुआं के प्रधान मलकीत सिंह ने भी भारतीय रिजर्व बटालियन के जवानों को 11वां स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर विभिन्न तरह की खेल प्रतियोगिता भी आयोजित की गईं जिसमें रस्साकशी, बैडमिंटन और अन्य खेलों का आयोजन किया गया। स्थानीय बटालियन की ओर से चलाई जा रही निशुल्क पाठशाला में पढ़ने वाले बच्चों ने इस मौके पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुतियां भी दीं।
.