माता बालासुंदरी मंदिर में नववर्ष पर भक्तों ने की सुख-समृद्धि की कामना
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर की प्रसिद्ध माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में नववर्ष पर वीरवार को आस्था का सैलाब उमड़ा। नववर्ष के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह करीब 10 बजे तक श्रद्धालुओं की संख्या कम रही, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती चली गई और देर शाम तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा। लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं ने माता बालासुंदरी के दरबार में शीश नवाया। वहीं, मंदिर के प्रांगण में माता की चौकी का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर उपायुक्त एवं मंदिर न्यास की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने त्रिलोकपुर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान भी उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। दूसरी ओर प्रदेश के प्रवेश द्वार कालाअंब स्थित टोल टैक्स बैरियर पर नववर्ष पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
त्रिलोकपुर मंदिर न्यास समिति के प्रभारी विजयपाल सिंह ने बताया कि नववर्ष पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में व्यापक प्रबंध किए गए। उन्होंने बताया कि हरियाणा के पानीपत, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और अंबाला सहित औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिलोकपुर पहुंचे।