नाहन (सिरमौर)। सिरमौर युवा कांग्रेस ने देश में लगातार बढ़ रहे पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों को लेकर नाहन में जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष ओपी ठाकुर और नाहन युकां अध्यक्ष साहिल खान की अगुवाई में युवाओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर महंगाई पर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान युवाओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता शुक्रवार को महंगाई के खिलाफ रोष प्रदर्शन करने उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। इस दौरान वह पेट्रोल, डीजल और सिलिंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ हाथों में तख्तियां लेकर रोष जताते दिखे।
इस मौके पर युकां उपाध्यक्ष ओपी ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रो पदार्थों की कीमतों में लगातार इजाफा कर रही है जिससे जनता पर महंगाई का बोझ पड़ा है। कोरोना काल में लोगों का काम धंधा वैसे ही चौपट है। लाखों लोग बेरोजगार हो चुके हैं। ऊपर से तेल-गैस की कीमतें बढ़ने से उन पर महंगाई का भी बोझ पड़ गया है लेकिन केंद्र की मोदी सरकार कोई राहत तक नहीं दे रही। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने ओपी ठाकुर और साहिल खान की अगुवाई में उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को भी एक ज्ञापन सौंपा जिसमें तेल और रसोई गैस के दाम घटाने की मांग की।
प्रदर्शन दौरान महासचिव रविंद्र तोमर, प्रदेश एनएसयूआई सचिव धनवीर सिंह, एनएसयूआई उपाध्यक्ष राहुल शर्मा, एनएसयूआई प्रवक्ता रोहित राजपूत, एनएसयूआई कैंपस अध्यक्ष अभिषेक कपूर सहित भारी संख्या में युवा मौजूद रहे।
------------
शिलाई में युवा कांग्रेस का हल्ला बोल
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई युवा कांग्रेस ने शिलाई में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार धरना प्रदर्शन किया। पेट्रो पदार्थों के दामों में हो रही बढ़ोतरी को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पूरे बाजार में रैली निकाली।
शिलाई ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष अरुण ठाकुर की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। युवा कांग्रेस अध्यक्ष अरुण ठाकुर ने कहा कि आम जनता महंगाई के बोझ में दबकर रह गई है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं जिसका सीधा असर खाद्य पदार्थों पर भी पड़ रहा है।
इस प्रदर्शन में शिलाई कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सीताराम शर्मा, शिलाई कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष जितेंद्र राणा, हाटी इंदर राणा सिंहपाल, पूर्व ब्लॉक समिति अध्यक्ष रेणु बाला, जगत शर्मा, शशि कपूर, जगपाल चौहान, अमित नेगी, जोगिंद्र शर्मा, कपिल शर्मा, विनोद ठाकुर, सुरेश शर्मा, मदन रिंटा आदि कई युवा शामिल हुए।
-------------