संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून से कालाअंब एनएच-07 से धौलाकुआं की तरफ जाने वाले मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक दूर तक राहगीर को घसीटता हुआ ले गया। हादसे में राहगीर व दोनों बाइक सवार भी घायल हो गए। तीनों को सिविल अस्पताल उपचार को पहुंचाया गया।
गंभीर रुप से घायल राहगीर को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल ने दम तोड़ दिया। माजरा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर तफ्तीश में जुट गई है।
ग्राम रामपुर बांगरन निवासी जितेंद्र सिंह के बयान पर शिकायत दर्ज की गई है। जितेंद्र का कहना है कि एक स्थानीय कंपनी में बतौर ऑपरेटर कार्यरत है। तीन मार्च को देर शाम अपनी बाइक से अपने गांव रामपुर बंजारन से धौलाकुआं निजी काम से जा रहा था।
एनएच-07 पर धौलाकुआं मार्ग पर एक मेडिकल स्टोर से आगे धौलाकुआं की तरफ को थोड़ा आगे चल रहे एक तेज रफ्तार बाइक ने पैदल चल रहे बलबीर शर्मा (48) पुत्र राम गोपाल निवासी बनैत हल्दवाड़ी को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर में बाइक पैदल चल रहे बलबीर को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गई। इससे उनके सिर में काफी गंभीर चोटें आई।
हादसे में बाइक चालक मोहित पुत्र राजकुमार निवासी गांव बलगांव डाक घर
नाहन सिरमौर व बाइक पर पीछे बैठे सुमित को भी चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को निजी वाहन से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। गंभीर हालत होने पर बलबीर शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर माजरा थाने से आईओ आशीष कौशल की टीम ने जांच शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।