कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर की प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में मार्गशीष (मघसार) पूर्णिमा के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान सुबह से शाम तक लगभग 4,000 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रात:कालीन आरती के बाद से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक निरंतर जारी रही। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने परिवार सहित माता के दर्शन किए। मंदिर परिसर के अंदर और बाहरी क्षेत्र में सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था के लिए होमगार्ड और स्वयंसेवक तैनात रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर कालाअंब के जागरण दल ने मंदिर प्रांगण में कीर्तन का आयोजन किया, जिसमें पूरे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आए श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
वह माता के भजनों पर भाव-विभोर होकर झूम उठे। दिनभर मंदिर परिसर माता के जयकारों से गुंजायमान रहा। मंदिर न्यास समिति प्रभारी विजयपाल सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए लघु जागरण/कीर्तन के लिए विशेष बैठने की व्यवस्था की गई थी।