शिलाई (सिरमौर)। शिलाई विस क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांटी मशवा के कई गांव लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। पंचायत के खील, कुलोई, दाबण, रीछडोग, शुईनल व नटवाड़ी में लो वोल्टेज के साथ बार-बार बिजली जाने की समस्या सालों से बनी हुई है। लो वोल्टेज के कारण ग्रामीण बिजली से चलने वाले उपकरणों का ढंग से इस्तेमाल नहीं कर पा रहे।
विद्यार्थियों को भी पढ़ाई में दिक्कतें आ रही हैं। क्षेत्र के लोग कई बार विभाग से इस समस्या के समाधान की मांग कर चुके हैं लेकिन विभाग के कानों पर आज तक जूं तक नहीं रेंग रही।
जिला किसान यूनियन के उपाध्यक्ष इंद्र राणा ने भी ग्रामीणों की इस समस्या को कई बार विभाग के समक्ष उठाया लेकिन परिणाम शून्य ही रहा। ग्रामीण इन गांवों के लिए एक उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को लगाने की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी मांग को अनसुना ही किया जा रहा है जिसके चलते कांटी मशवा पंचायत के कई गांव आज भी लो वोल्टेज और बार-बार बिजली जाने की समस्या से जूझ रहे हैं।
पांवटा विद्युत मंडल के अधिशासी अभियंता अजय चौधरी ने कहा कि विभागीय सहायक को कांटीमशवा के उपगांवों के दौरे पर भेजा जा रहा है। वह लो वोल्टेज के कारणों की जांच करेंगे। इसके बाद आवश्यक हुआ तो इन गांवों के लिए अलग से बिजली का ट्रांसफार्मर लगवाया जाएगा।