जामनवाला गांव के लोगों ने किया चुनाव के बहिष्कार का ऐलान
बैठक कर लिया निर्णय, कई सालों से झेल रहे रास्ते की समस्या
सुनवाई और समस्या का समाधान न होने पर लिया निर्णय
धर्म सिंह तोमर
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित सलानी-कटोला पंचायत के वार्ड नंबर एक के जामनवाला गांव के लोगों ने इस बार लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि गांव के लोग लंबे समय से रास्ते की समस्या से जूझ रहे हैं। यहां क्रशर के चलते रास्ते की हालत खस्ता हुई है लेकिन समस्या का समाधान न होने से आखिरकार ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बताया जा रहा है कि यहां 100 से 150 के करीब मतदाता रहते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के लोगों ने रविवार को एक बैठक का आयोजन किया। बैठक में वार्ड सदस्या बाला देवी के साथ धनबीर, ओम प्रकाश, दीपक, सोनू, सागर, रोहित, मंदीप, गरुड़, मोहित, राकेश, पवन, महेश, सुरेश, कश्मीर, प्रदीप, रामकुमार आदि मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत सलानी कटोला के वार्ड नंबर-1 के जामनवाला गांव के सभी मतदाता आने वाली 1 जून 2024 को लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे और मतदान करने नहीं जाएंगे।
वार्ड सदस्य बाला देवी ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की सबसे बड़ी समस्या रास्ते की है। यहां आए दिन लोगों को रास्ते की हालत खराब होने के चलते भारी समस्या झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि नाहन-जाबल का बाग सड़क से 2 किलोमीटर और सलानी पुल से 2 किलोमीटर के बीच जो रास्ता है वह धूल से भरा हुआ है। यहां एक निजी क्रशर होने के चलते रास्ते की हालत खराब है जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
उन्होंने बताया कि हर बार चुनाव के समय सभी राजनीतिक दलों द्वारा सिर्फ दिलासा दिया जाता है, लेकिन चुनाव के बाद कोई भी उनकी सुध नहीं लेता। सभी ग्रामवासी तथा स्कूली बच्चों को आने-जाने में बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में नदी पर पुल न होने के कारण स्कूली बच्चों तथा कामगारों को घर पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। रास्ते में एक से डेढ़ फूट धूल मिट्टी होती है, जिसमें स्कूल के बच्चों तथा ग्राम वासियों को चलना बड़ा मुश्किल है।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले में उपायुक्त सिरमौर की मार्फत 20 जनवरी को एक शिकायत मुख्यमंत्री को भी भेजी गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मजबूरी में अब यह निर्णय लेना पड़ा है।
-सलानी कटोला के जामनवाला के लोगों की ओर से लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान का बहिष्कार किया जा रहा है, ऐसी जानकारी अभी नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो मौके पर एआरओ की अगुवाई में टीम को भेजा जाएगा। लोगों की समस्या को सुना जाएगा और उसका हल करवाया जाएगा। लोगों को मतदान को लेकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
-सुमित खिमटा, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर
ग्राम पंचायत सलानी कटोला के जामनवाला गांव के लोग मतदान के बहिष्कार को लेकर बैठक के दौरान। संवाद
ग्राम पंचायत सलानी कटोला के जामनवाला गांव के लोग मतदान के बहिष्कार को लेकर बैठक के दौरान। संवाद
ग्राम पंचायत सलानी कटोला के जामनवाला गांव के लोग मतदान के बहिष्कार को लेकर बैठक के दौरान। संवाद
ग्राम पंचायत सलानी कटोला के जामनवाला गांव के लोग मतदान के बहिष्कार को लेकर बैठक के दौरान। संवाद