आचार्य श्याम सुंदर महाराज करेंगे शिव महापुराण कथा का गुणगान
पातालेश्वर महादेव मंदिर समिति की बैठक में धार्मिक आयोजनों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। प्राचीन एवं ऐतिहासिक पातालेश्वर महादेव मंदिर समिति की विशेष बैठक रविवार को मंदिर परिसर में हुई जिसकी अध्यक्षता समिति अध्यक्ष दाताराम चौहान ने की। इसमें श्रावण मास के दौरान करवाए जाने वाले धार्मिक आयोजनों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति ने निर्णय लिया कि मंदिर परिसर में 20 से 26 अगस्त तक श्री शिव महापुराण संकीर्तन साप्ताहिक कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। उत्तर भारत के प्रसिद्ध कथा व्यास आचार्य श्याम सुंदर महाराज श्रद्धालुओं को शिव महापुराण कथा का रसपान करवाएंगे। कथा प्रतिदिन शाम तीन से छह बजे तक होगी।
मंदिर समिति अध्यक्ष दाताराम चौहान ने बताया कि धार्मिक आयोजन धूमधाम से करवाया जाएगा। मंदिर समिति प्रचार मंत्री धर्मवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में जनकल्याण की भावना से धार्मिक आयोजन करवाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र को आपदाओं और संकटों से सुरक्षित रखने तथा जनकल्याण की कामना के लिए श्रावण मास में श्री महामृत्युंजय जाप एवं पाठ का भी आयोजन किया जाता है।
बैठक में महासचिव लक्ष्मी चंद अत्री, प्रचार मंत्री विनय कुमार गोयल, पंचायत उपप्रधान एवं मंदिर समिति उपप्रधान गुरुचरण सिंह चौधरी, वरिष्ठ उपप्रधान सुभाष चंद्र, विशेष सलाहकार धर्म सिंह शर्मा, ग्राम पंचायत पातलियां प्रधान मोहन सिंह सहोता, पूर्व उपप्रधान दिलबाग सिंह, पुनीत कुमार, रमन कुमार, विक्रम सिंह, बहादुर सिंह, पवित्र सिंह और मनीष कुमार राठौर समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
पवित्र सावन माह में प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग का किया गया श्रृंगार । संवाद