-प्रतिदिन 50 लोगों को मिलेगा सुविधा का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें पासपोर्ट संबंधी सेवाओं के लिए दूरदराज के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। विदेश मंत्रालय से मिली विशेष स्वीकृति के बाद जिलावासियों को अब उनके घर-द्वार पर ही पासपोर्ट बनाने की सुविधा मिलेगी।
प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इस सुविधा के तहत जिला मुख्यालय नाहन में 10 से 12 जून, 2026 तक मोबाइल पासपोर्ट वैन तैनात रहेगी। यह वैन उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) शाखा में उपलब्ध रहेगी।
प्रवक्ता ने बताया कि पासपोर्ट सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए प्रतिदिन 50 अप्वाइंटमेंट निर्धारित की गई हैं। उन्होंने जिले के नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं। मोबाइल वैन के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है ताकि आम जनता को समय और पैसे की बचत हो सके।
बता दें कि इससे पहले भी एक बार यहां इस प्रकार की सुविधा लोगों को दी गई थी। इससे लोगों को काफी राहत मिली थी। हालांकि सिरमौर में नियमित रूप से पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले जाने की मांग लगातार उठ रही है। जिलावासियों को पासपोर्ट से संबंधित मामलों को लेकर शिमला जाना पड़ता है। ऐसे में समय व धन दोनों खर्च होते हैंं।