अभियान (पार्किंग का पंगा :2)
नाहन में वाहन 42 हजार, पार्किंग की व्यवस्था महज 355 की
शहर में वाहनों की संख्या बढ़ी, लेकिन नहीं बढ़ पाए पार्किंग स्थल
आरएलए और आरटीओ कार्यालय में 42 हजार वाहन पंजीकृत
चंद्र ठाकुर
नाहन (सिरमौर)। शहर में बढ़ते वाहनों के बीच पार्किंग की समस्या गंभीर हो गई है। नगर परिषद क्षेत्र में 42 हजार वाहन पंजीकृत हैं, जबकि 355 वाहनों के लिए ही पार्किंग व्यवस्था है। रोजाना हजारों वाहन शहर में आवाजाही करते हैं। सीमित जगह के कारण मुख्य बाजार, अस्पताल और सरकारी कार्यालयों को जाने वाले स्थानों पर वाहन खड़े रहते हैं। इससे सड़कें तंग हो रही हैं और अकसर जाम भी लग रहा है।
दरअसल, नाहन शहर में नगर परिषद की सात, हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक और गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की एक पार्किंग है। इन सभी पार्किंग की क्षमता 355 वाहनों की है। शहर में वाहनों की संख्या हर साल बढ़ रही है, लेकिन पार्किंग स्थल बढ़ाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
नाहन आरएलए और आरटीओ कार्यालय में लगभग 42 हजार वाहन पंजीकृत हैं। इनमें कुछ वाहन शहर के बाहरी क्षेत्रों के भी हैं और कई लोगों के पास अपनी पार्किंग भी है। बावजूद इसके वाहनों की संख्या के अनुसार शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस अड्डा स्थित चार बहुमंजिला पार्किंग में 95 वाहनों के पार्किंग की क्षमता है। दिल्ली गेट स्थित गुरुद्वारा की पार्किंग में 40 वाहनों की क्षमता है।
नगर परिषद की पक्का टैंक पार्किंग में 160, दिल्ली गेट स्थित तीन पार्किंग में 67, गुन्नूघाट में 90 और ढाबो में 13 के करीब वाहन पार्क करने की क्षमता है। इन पार्किंग में औसतन 2 घंटे के 20, एक दिन के 50 से 70, एक महीने के इंडोर में 1180 से लेकर 1500 और आउटडोर में 1500 से लेकर 2200 रुपये तक शुल्क लिया जा रहा है। शहर में 10 के करीब निजी पार्किंग भी चल रही हैं। इनकी वाहन क्षमता कम है और पार्किंग शुल्क भी मालिकों ने अपने स्तर पर निर्धारित किए हैं।
बहरहाल, शहर में पार्किंग की समस्या लोगों के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन इसके समाधान के लिए कितने प्रयास करता है यह भविष्य के गर्भ में हैं।
स्थानीय निवासी राजकुमार ने बताया कि वह कई बार पार्किंग के लिए आवेदन कर चुके हैं लेकिन जगह नहीं मिलती। वह पैसा भी चुकाने के लिए तैयार हैं। आकाश शर्मा कहना है कि पार्किंग का पैसा चुकाना चालान भरने से बेहतर है। कई बार सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने पर उनका चालान कट चुका है।
कोट :
नए पार्किंग स्थल बनाने के कर रहे प्रयास
नगर परिषद ने शहर में सात पार्किंग ठेके पर दी हैं। इसके अलावा एक एचआरटीसी और एक गुरुद्वारा कमेटी की पार्किंग भी है। शहर में वाहनों की संख्या के अनुरूप पार्किंग स्थल नहीं हैं। नए पार्किंग स्थल के लिए नगर परिषद और प्रशासन प्रयास कर रहा है।
-संजय कुमार, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद नाहन
संवाद
बस अड्डा नाहन परिसर में बहुमंजिला पार्किंग। संवाद
बस अड्डा नाहन परिसर में बहुमंजिला पार्किंग। संवाद