नए विद्यार्थियों को कॉलेज के नियमों और पाठ्यक्रमों पर किया जागरूक
नाहन महाविद्यालय में नए विद्यार्थियों के लिए शुरू किया तीन दिवसीय परिचय सत्र
पहले दिन विज्ञान और वाणिज्य स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन(सिरमौर)। डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में आईक्यूऐसी सेल के तत्वावधान में नए विद्यार्थियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय परिचय सत्र का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. प्रेमराज भारद्वाज की अध्यक्षता में किया गया। प्रथम दिवस विज्ञान और वाणिज्य स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम हुआ।
महाविद्यालय की उपप्राचार्य डाॅ. उत्तमा पांडे ने विद्यार्थियों का औपचारिक अभिनंदन किया। डाॅ. सलोनी सूद ने पीपीटी के माध्यम से महाविद्यालय से संबंधित नियमों, सुविधाओं, पाठ्यक्रमों, एनएसएस, एनसीसी, रोवर्स व रेंजर्स, रोड सेफ्टी क्लब, इको क्लब इत्यादि विभिन्न प्रकार की छात्रवृतियां एवं महाविद्यालय में होने वाली खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से अवगत करवाया।
प्राचार्य डाॅ. प्रेमराज भारद्वाज ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें भविष्य में आने वाले परिवर्तन और चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में करदाताओं, महाविद्यालय व शिक्षा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समाज के प्रति उत्तरदायित्व की अनुभूति करवाई।
कक्षा अनुशासन के महत्व पर बल देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। डाॅ. नीलकांत शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। प्रो. कमल सिंह डोगरा ने अंत में धन्यवाद व्यक्त किया। आईक्यूऐसी संयोजिका प्रो. रीना चौहान ने बताया कि यह कार्यक्रम नए विद्यार्थियों में जागरूकता के लिए संकायानुसार 14 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।
-संवाद