जिले के 107 सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में हुई परख की मुख्य परीक्षा
120 जांच दल सदस्यों ने दी सेवाएं, शिक्षा विभाग की टीमें लगातार करती रहीं निरीक्षण
38 स्कूलों में तीसरी, 32 स्कूलों में छठी और 37 स्कूलों में नवमी के बच्चों ने दी परीक्षा
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के 107 सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में बुधवार को परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण की मुख्य परीक्षा आयोजित हुई। स्कूलों में तीसरी, छठी और नवमी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए यह टेस्ट ओएमआर आधारित रहा। तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों ने भाषा, गणित व हमारे आसपास का विश्व.., विषय पर 90 मिनट में 50 सवालों के जवाब दिए।
छठी कक्षा के विद्यार्थियों ने इसी विषय पर 90 मिनट में 50 सवालों के जवाब दिए। नवमी कक्षा के विद्यार्थियों ने भाषा, गणित, विज्ञान व सामाजिक विषय पर 120 मिनट में 60 सवालों के जवाब दिए।
सिरमौर जिले में 38 स्कूलों में तीसरी, 32 स्कूलों में छठी और 37 स्कूलों ने नवमी कक्षा के बच्चों ने यह परीक्षा दी।
जिला मुख्यालय नाहन की राजकीय उच्च पाठशाला कैंट नाहन में खंड परियोजना अधिकारी डॉ. आशिमा राघव के नेतृत्व में नवमी कक्षा के 30 बच्चों ने यह परीक्षा दी। एसवीएन स्कूल नाहन में छठी कक्षा के 30 बच्चों ने यह परीक्षा दी। यहां पर बच्चों को अंग्रेजी मीडियम की बजाए हिंदी मीडियम का प्रश्नपत्र दिया गया। इससे बच्चों को प्रश्न समझने में दिक्कत हुई। इससे स्कूल प्रशासन में गहरी नाराजगी देखी गई।
एसवीएन स्कूल नाहन में नाहन शिक्षा खंड के बीपीओ महिमा दत्त शर्मा दोपहर 12:00 बजे निरीक्षण के लिए पहुंचे। उनके समक्ष प्रधानाचार्य कुंदन सिंह ठाकुर ने हिंदी माध्यम का पेपर मिलने के सामने आई परेशानी काे साझा किया।
जिला रिसर्च एवं मूल्यांकन समन्वयक एकता शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण शिक्षा उपनिदेशक उच्च एवं जिला परियोजना अधिकारी सिरमौर डॉ. मोही राम चौहान, उप शिक्षा निदेशक एवं प्रधानाचार्य डाइट नाहन राजीव ठाकुर के मार्गदर्शन में यह परीक्षा हुई। इस परीक्षा से पहले जिले के सभी सरकारी स्कूलों में तीन मॉक टेस्ट भी लिए गए थे। इन स्कूलों में चयनित 107 स्कूलों में परख की मुख्य परीक्षा हुई।
उन्होंने कहा कि 2021 में हिमाचल को 21वां रैंक मिला था। इस बार उम्मीद है कि राष्ट्रीय सर्वेक्षण परीक्षा में बेहतर रैंक हासिल होगा।
-संवाद