शिक्षालीड़ खबर-5 पेज
जिले के 107 सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में होगी परख की मुख्य परीक्षा
चार दिसंबर को होने वाली इस परीक्षा के लिए 120 जांच अधिकारियों की लगाई डयूटी
107 को भेजा जाएगा परीक्षा केंद्र, शेष को रखा जाएगा रिजर्व, तैयारियां की गईं पूरी
38 स्कूलों में तीसरी, 32 स्कूलों में छठी और 37 स्कूलों में होगी नवमीं की परीक्षा
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। चार दिसंबर को होने वाली परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण की मुख्य परीक्षा के लिए सिरमौर जिले के 107 सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों का चयन किया गया है। इन सभी स्कूलों का चयन एनसीईआरटी ने ही किया है। विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर जानने के लिए होने वाली इस परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
परीक्षा के लिए चयनित सभी 107 विद्यालयों में जांच अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। यह जांच अधिकारी जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट नाहन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु ही हैं।
इन सभी 120 जांच अधिकारियों को जिलास्तर पर दो दिवसीय कार्यशाला में प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण शिक्षा उपनिदेशक उच्च एवं जिला परियोजना अधिकारी सिरमौर डॉ. मोही राम चौहान, उप शिक्षा निदेशक एवं प्रधानाचार्य डाइट नाहन राजीव ठाकुर के दिशा निर्देशन में दिया गया है। जबकि प्रशिक्षण परख कोऑर्डिनेटर एकता शर्मा और डॉ. शैली गोपाल ने प्रदान किया।
जानकारी के अनुसार इन 120 जांच अधिकारियों में से 107 को सिरमौर के विभिन्न विद्यालयों में भेजा जाएगा, जबकि बाकियों को रिजर्व के रूप में रखा जाएगा।
सिरमौर जिला में तीसरी के 38 विद्यालयों, कक्षा छठी के लिए 32 और कक्षा नवमी के लिए 37 विद्यालयों में यह परीक्षा होगी। पूरे हिमाचल के 1,215 विद्यालयों के करीब 1,09,000 विद्यार्थी यह परीक्षा देंगे। इस परीक्षा के बाद सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में पढ़ रहे छात्रों के शैक्षणिक, गुणात्मक एवं ज्ञानात्मक ज्ञान की परख होगी।
गौरतलब रहे कि इससे पहले यह परीक्षा 12 नवंबर 2021 को हुई थी जिसमें हिमाचल का देशभर में 21वां स्थान आया था। इस रैंक सुधारने के लिए समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश ने इस परीक्षा से पहले प्रदेश के सभी विद्यालयों में तीन मॉक टेस्ट कराए हैं ताकि विद्यार्थी अच्छे तरीके से तैयारी कर इस रैंक को सुधार सकें।
यही नहीं इस परीक्षा को लेकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, शिक्षा सचिव, शिक्षा निदेशक एवं राज्य परियोजना निदेशक ने कई बार प्रदेश के हर जिले के हर शिक्षा अधिकारी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बातचीत की और अपने विचार साझा किए। यही नहीं सभी विद्यालयों में जीरो पीरियड भी लगाए ताकि छात्रों को इस परीक्षा की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल सके। डाइट नाहन में कार्यशाला के दौरान हिमांशु भारद्वाज, अंजनी चौहान, संतराम शर्मा, डॉ. नम्रता जोशी व राजकुमार उपस्थित रहे।
संवाद