-12 जून को होगा चुनाव, दोनों दल आठ-आठ सदस्यों के समर्थन का कर रहे दावा
-क्रॉस वोटिंग की संभावना से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। पंचायत समिति राजगढ़ में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एसडीएम राजगढ़ ने अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चयन के लिए 12 जून की तिथि निर्धारित कर दी है, लेकिन दोनों प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस और भाजपा अभी तक अपने पत्ते खोलने से बच रहे हैं। ऐसे में पंचायत समिति की कमान किसके हाथ में जाएगी, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
15 सदस्यीय पंचायत समिति में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपने समर्थन में आठ-आठ सदस्यों का दावा कर रहे हैं। हालांकि सूत्रों की मानें तो दोनों दलों के पास सात-सात सदस्य पक्के हैं, जबकि आठवें सदस्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कड़ौली-दोची वार्ड से निर्वाचित सदस्य को लेकर दोनों दल अपने समर्थन का दावा कर रहे हैं।
पंचायत समिति राजगढ़ में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। बताया जा रहा है कि कड़ौली-दोची वार्ड की सदस्य रमा देवी अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार हैं और वह इस संबंध में अपनी दावेदारी भी जता चुकी हैं। कांग्रेस समर्थित सदस्यों की बैठक में भी उन्होंने अध्यक्ष पद की मांग रखी थी। कांग्रेस खेमे में शाया-सनौरा वार्ड की सदस्य रंजू बाला का नाम भी अध्यक्ष पद की संभावित दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है।
उधर, उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की ओर से देवठी-मझगांव वार्ड के सदस्य दिनेश कुमार को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। भाजपा खेमे में सेर-जगास वार्ड की सदस्य पुष्पा अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं। वहीं कड़ौली-दोची वार्ड की सदस्य रमा देवी पर भाजपा की भी नजर बनी हुई है। भाजपा में उपाध्यक्ष पद के लिए दीदग वार्ड के सदस्य राजेश कुमार और बोहल-टालिया वार्ड के सदस्य विवेक प्लाह की दावेदारी चर्चा में है। राजनीतिक समीकरणों और दावेदारों की बढ़ती संख्या के बीच अब सभी की निगाहें 12 जून को होने वाली बैठक पर टिकी हैं।