ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत
सूचना मिलने पर पुरुवाला थाना से जांच टीम मौके पर पहुंची
पांवटा साहिब में भूंगरनी के समीप हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मंगलवार देर शाम को पांवटा साहिब से भगानी मार्ग पर भूंगरनी के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इसमें एक ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार व्यक्ति (56) गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुरुवाला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम को तरसेम सिंह (56) पुत्र रामआसरा निवासी भूंगरनी हरीपुर साइकिल पर सवार होकर गांव की तरफ जा रहा था। इस बीच पुरुवाला की तरह से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गया। इससे साइकिल चालक सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस थाना पुरुवाला तथा एंबुलेंस मंगवाने के लिए सूचित कर दिया। निजी एंबुलेंस संचालक गुरमीत सिंह ने तुरंत मौके पर पहुंच कर घायल को सिविल अस्पताल उपचार को पहुंचाया। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के वरिष्ठ चिकित्सक राजीव चौहान ने बताया कि हादसे में घायल तरसेम सिंह निवासी भुंगरनी ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था।
थाना प्रभारी पुरुवाला राजेश पाल ने कहा कि सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी दयाल सिंह की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। हादसे में घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। शव विच्छेदन गृह में शव रखवा दिया गया है। बुधवार को मृतक का पोस्टमार्टम होगा।
एएसपी अदिति सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुरुवाला थाना में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
संवाद