रोनहाट के समीप यहां खड्ड में गिरी कार। स्रोत पाठक
यहां पहले भी हो चुके हैं हादसे, पैरापिट और क्रैश बैरियर न होने के चलते लोगों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई/रोनहाट (सिरमौर)। शिलाई क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब रोनहाट के पेट्रोल पंप के पास हादसे में युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार एक कार अनियंत्रित होकर भंगाल खड्ड में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और गंभीर रूप से घायल युवक को खड्ड से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उसे उपचार के लिए पहले सीएचसी रोनहाट ले जाया गया। यहां से शिलाई अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान शरोग निवासी 35 वर्षीय अजय धीमान के रूप में हुई है। शिलाई अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां न तो पैरापिट हैं और न ही क्रैश बैरियर। इसके चलते पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और मांग की है कि सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।