मारपीट मामले में घायल ने मुलाणा अस्पताल में दम तोड़ा
आरोपियों को दबोचने के लिए पुरुवाला पुलिस टीम दे रही दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा साहिब के रामपुरघाट क्षेत्र में कुछ दिनों पहले मारपीट का मामला हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने मुलाणा अस्पताल में दम तोड़ दिया है। इसके बाद पुरुवाला थाना पुलिस ने मारपीट एवं हत्या के मामले में जांच शुरू कर दी है।
इस मामले के आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रहीं हैं।
जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले रामपुरघाट क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट में एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत राकेश कुमार पर आरोपियों ने कथित लोहे की रॉड से हमला कर दिया था। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घायल को पहले पांवटा अस्पताल व हालत गंभीर होने पर बाद में परिजन मुलाणा मेडिकल कॉलेज में आगामी उपचार को ले गए जहां घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को मृतक का पांवटा में अंतिम संस्कार कर दिया है। पुरुवाला थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में हत्या की धारा जोड़ कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने पुष्टि की है। हत्या के इस मामले की आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
संवाद