-कुंजा-माजरा मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने पकड़ा, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब पुलिस ने एक युवक को 6.21 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि माजरा निवासी हामिर खान पांवटा साहिब, माजरा और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक बेचने का काम करता है। सूचना में बताया गया कि वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुंजा की ओर से माजरा की तरफ आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कुंजा-माजरा मार्ग पर नाकाबंदी की। इसी दौरान कुंजा की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 6.21 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशीले पदार्थ की आपूर्ति और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।-
-