कालाअंब पुलिस थाना में प्रेसवार्ता करते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार। संवाद
-294 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में कालाअंब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तरनतारन से उमरवीर सिंह दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब पुलिस ने 294 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये भारत में नशीला पदार्थ पहुंचाने वाले कथित तस्करी नेटवर्क की एक और कड़ी जोड़ दी है। पुलिस ने मामले में आरोपी उमरवीर सिंह को पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के तरनतारन से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ में नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी सामने आने की संभावना है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि अप्रैल 2026 को कालाअंब थाना पुलिस ने 294 ग्राम चिट्टा बरामद कर आकाशदीप और रणजीत को गिरफ्तार किया था। इस दौरान वाहन चालक फरार हो गया था। पुलिस ने वाहन मालिक गंधर्व थापर को पंचकूला से हिरासत में लिया।
पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को चिट्टा आपूर्ति की कड़ी पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र तरनतारन तक पहुंची। इसके बाद 17 मई को पुलिस ने तरनतारन से वीरेंद्र पाल को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि चिट्टा पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत पहुंचाया जाता था और नेटवर्क से जुड़े तस्कर इसकी आगे आपूर्ति करते थे।
जांच में उमरवीर सिंह का नाम सामने आने के बाद थाना प्रभारी कुलवंत सिंह कंवर की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई। इसमें साइबर प्रकोष्ठ सिरमौर को भी शामिल किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने उमरवीर सिंह निवासी छिन्ना विधि चंद, जिला तरनतारन को सीमावर्ती क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी। पूछताछ के दौरान नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशे की आपूर्ति की कड़ियों के संबंध में और खुलासे होने की संभावना जताई गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।