उपमंडलाधिकारी नागरिक पांवटा साहिब द्विज गोयल ने सभी पार्षदों को दिलाई शपथ
सभी पार्षद आपसी समन्वय बना कर शहरी क्षेत्र के विकास को नई दिशा दें : एसडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। नगर परिषद पांवटा साहिब के सभी 13 वार्डों से निर्वाचित पार्षदों को नगर परिषद सभागार में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। समारोह में उपमंडलाधिकारी नागरिक पांवटा साहिब द्विज गोयल ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शनिवार को शपथ ग्रहण करने वालों में पांवटा साहिब वार्ड नंबर-1 से निर्वाचित पार्षद निर्मल कौर, वार्ड नंबर-2 से आशा देवी, वार्ड नंबर-3 से राजरानी, वार्ड नंबर-4 से कविता देवी, वार्ड नंबर-5 से सर्वशक्ति भटनागर, वार्ड नंबर-इंद्रप्रीत कौर, वार्ड नंबर-7 से रविंद्र पाल सिंह, वार्ड नंबर-8 से डॉ. रोहताश नांगिया, वार्ड नंबर-9 से इंद्रजीत सिंह मिक्का, वार्ड-10 से मयंक चौहान, वार्ड-11 से रीना देवी, वार्ड-12 से ममता सैनी तथा वार्ड-13 के पार्षद कुलदीप चौधरी ने पद की शपथ ली।
शपथ के उपरांत एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने अपने संबोधन में सभी पार्षदों को बधाई। नगर निकाय का चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्वक रहे, इसमें सभी का सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि चुने गए पार्षद शहरी विकास को गति प्रदान करने को बेहतर आपसी बेहतर सामंजस्य बनाए रखें। लोगों ने काफी उम्मीदों व अपेक्षाओं से प्रतिनिधियों को चुना है, उन पर खरा उतरने का प्रयास करें। पांवटा साहिब नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने, जलभराव समस्या दूर करने, कूड़ा एकत्रीकरण, स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, खेल मैदान व जनसुविधाओं का विस्तार करने के लिए कार्य करें। शहर के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लें।
शपथ समारोह कार्यक्रम में नगर परिषद पांवटा की कार्यकारी अधिकारी कंचन बाला, सिरमौर ट्रक यूनियन के प्रधान जसमेर सिंह भूरा, मनजिंद्र सिंह विक्का, वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र शर्मा, दीपक दुबे, पूर्व पार्षद समेत शहर के गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
बॉक्स...
चयनित पार्षद जनता की उम्मीदों की कसौटी पर खरा उतरें : सुखराम चौधरी
पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखराम चौधरी ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को शुभकामनाएं दी हैं। विधायक ने कहा कि चयनित पार्षदों की जिम्मेदारी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के साथ शहर के समग्र विकास को प्राथमिकता प्रदान करना रहती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पार्षद आपसी बेहतर समन्वय के साथ पांवटा साहिब शहरी क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगे।