नैना टिक्कर के एनवीएन स्कूल के जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता छात्र। स्रोत
-जिला स्तरीय कराटे में 6 स्वर्ण और एक कांस्य पदक, छह खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
संवाद न्यूज एजेंसी
नैना टिक्कर (सिरमौर)। नैना टिक्कर के एनवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ियों ने नारग में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। कराटे प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के करीब 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। नैना देवी विद्या निकेतन स्कूल के 11 छात्र खिलाड़ियों ने कराटे में अपनी खेल प्रतिभा का दम दिखाया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर हर्षित ठाकुर, अर्पित ठाकुर, नवल तोमर, दिव्यांश शर्मा, निखिल गौतम और समर सिंह का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
प्रतियोगिता में जीत का परचम लहराने के बाद जब खिलाड़ी विद्यालय पहुंचे तो परिसर में खुशी का माहौल बन गया। विद्यालय स्टाफ ने विजेता खिलाड़ियों का फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया। मिठाई खिलाकर उनकी जीत की खुशी साझा की गई और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब चयनित खिलाड़ियों की नजर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता पर है। विद्यालय के प्रबंधक चेतन कश्यप ने सभी छात्र खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि इन होनहार खिलाड़ियों की उपलब्धि ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।